आज 18 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें || आज झारखंड समाचार || झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़

रांची : झारखंड की जनसंख्या: बीते 1 दशक में बढ़ी करीब 69 लाख लोगों की आबादी, लातेहार और रांची में सबसे अधिक, देखिए रिपोर्ट. झारखंड की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है. वर्ष 2011 में हुई जनगणना के अनुसार झारखंड की आबादी लगभग 3.30 करोड़ थी. राज्य सरकार के सांख्यिकी निदेशालय द्वारा किये गये आकलन में वर्ष 2024 तक राज्य की आबादी बढ़ कर लगभग 3.99 करोड़ होने का अनुमान लगाया गया है. यानी पिछले एक दशक में झारखंड की आबादी में करीब 69 लाख लोगों का इजाफा हुआ है. लातेहार में सबसे अधिक जनसंख्या वृद्धि. राज्यभर में सबसे अधिक जनसंख्या वृद्धि लातेहार जिले में होने का अनुमान लगाया गया है. वहीं दूसरे स्थान पर राजधानी रांची और तीसरे स्थान पर गिरिडीह की जनसंख्या में सबसे ज्यादा वृद्धि संभावित है. इनमें लातेहार में 5.84 लाख, रांची में 4.94 लाख और गिरिडीह में 4.38 लाख जनसंख्या वृद्धि का अनुमान है.

रांची : आज रांची आयेंगे CDS अनिल चौहान, कल से शुरू होगा तीन दिवसीय डिफेंस एक्सपो. तीनों सेनाओं के अध्यक्ष CDS जनरल अनिल चौहान आज गुरुवार को रांची पहुंचेंगे. वह आज दोपहर करीब 3 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरेंगे. मालूम हो कल 19 सितंबर से रांची में तीन दिवसीय ईस्ट टेक सिम्पोजियम (डिफेंस एक्सपो) शुरू होने जा रहा है. रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में 19 से 21 सितंबर तक डिफेंस एक्सपो आयोजित किया जायेगा.

रांची : झारखंड में 5 दिन के लिए मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, हो सकती है भारी बारिश. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड में 5 दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. कहा है कि राज्य में 22 सितंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश होगी. कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. वहीं, कुछ जगह 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली आंधी के साथ गरज के साथ वज्रपात होने की भी आशंका है. इसलिए लोगों को सावधान और सतर्क रहना चाहिए.

रांची : पलामू, गढ़वा और चाईबासा समेत 7 जिलों में पेट्रोल के भाव 99 रुपए के पार, रांची में आज 84 पैसे महंगा हुआ ईंधन. झारखंड में पेट्रोल की कीमतें 7 जिलों में 99 रुपए प्रति लीटर से अधिक हो गयी है. राजधानी रांची उन जिलों में शामिल नहीं है, जहां पेट्रोल के भाव सबसे ज्यादा हैं, लेकिन बुधवार को यहां पेट्रोल की कीमतों में सबसे ज्यादा वृद्धि हुई. राजधानी में एक लीटर पेट्रोल का भाव आज 84 पैसे बढ़कर 97.86 रुपए हो गया. गढ़वा, चतरा, गिरिडीह, लातेहार, पलामू, साहिबगंज और चाईबासा में पेट्रोल के भाव सबसे ज्यादा हैं. इनमें भी सबसे ज्यादा कीमत गढ़वा, पलामू और चाईबासा में हैं. इन तीनों जिलों में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 99.60 रुपए रही.

देवघर : आपकी गाड़ी का हुआ है चालान तो ये मौका है बेहद खास, वर्ना होगी कार्रवाई, नोट कर लें ये तारीख. देवघर-मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) का पालन नहीं करने वालों पर देवघर जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसके तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों पर ऑनलाइन जुर्माना किया जा रहा है, लेकिन जुर्माने की राशि समय पर जमा नहीं की जा रही है. ऐसी स्थिति में जुर्माना वसूलना चुनौती बन गया है. इसे देखते हुए डीसी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय ने बकाया चालान जमा कराने के लिए दो दिवसीय विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है. 24-25 सितंबर 2025 को थानों में विशेष कैंप लगेगा.

बोकारो : नये मतदान केंद्रों के प्रस्ताव को लेकर बैठक. गोमिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 34 के निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी की अध्यक्षता में मंगलवार को पेटरवार अंचल कार्यालय कक्ष में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष व सचिव के साथ बैठक की गयी. श्री अंसारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों से कहा कि मतदान केंद्रों में 1200 से अधिक मतदाता होने की स्थिति में कई मतदान केंद्रों का विखंडीकरण किया जाना है. कहा कि वैसे मतदान केंद्र जिसमें मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक हो गया हो उसको विखंडीकरण कर दूसरा मतदान केंद्र बनाया जाना है, जो की उस क्षेत्र से 2 किलोमीटर के क्षेत्र अंतर्गत हो एवं बिजली, पानी, शौचालय, शेड, फर्नीचर की सुविधा से परिपूर्ण हो. अपर समाहर्ता ने बताया कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल 44 नया मतदान केंद्र प्रस्तावित है.

बोकारो : 25 शिक्षक व शिक्षिका हुए सम्मानित. डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की ओर से मंगलवार को क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, बोकारो में गुरु वशिष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. 25 शिक्षक व शिक्षिका को सम्मानित किया गया. वहीं, कॉम्प्लेक्स के पूर्व उपाध्यक्ष सोमेन चक्रवर्ती को संगठन में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. इससे पहले बतौर मुख्य अतिथि प्रोफेसर सोमनाथ चट्टोपाध्याय (विभागाध्यक्ष – मैकेनिकल इंजीनियरिंग आइआइटी धनबाद) ने कहा कि उन शिक्षकों का सम्मान करते हुए गर्व महसूस कर रहे हैं, जिन्होंने शहर को शिक्षा का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

गुमला : झारखंड के गुमला में भीषण सड़क हादसा, दो बुजुर्गों और एक बच्चे की मौत. गुमला-झारखंड के गुमला जिले के डुमरी थाना स्थित महुआडांड़ और जैरागी मुख्य पथ पर अंवराटोली बगीचा के समीप मंगलवार की शाम को भीषण सड़क हादसा हुआ है. ऑटो और बोलेरो की सीधी भिड़ंत में दो वृद्ध और एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी. हादसा उस समय हुआ, जब जैरागी बाजार से लौट रहे ऑटो को विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया. ऑटो में सवार दाबू चीरोटोली गांव के हुंदरू नगेसिया (65 वर्ष) और लातेहार जिले के महुआडांड़ महुआटोली निवासी बीतू तुरी (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि ऑटो में सवार ढाई साल का अनीश बाड़ा को गुमला सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में रायडीह के समीप हालत बिगड़ने पर सीएचसी रायडीह ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया.

गुमला : झारखंड का पहला जिला, जहां AI का उपयोग कर स्मार्ट बन रहे स्टूडेंट्स और टीचर्स. दुर्जय पासवान-नेपाल की घटना किसी से छिपी नहीं है. किस प्रकार वहां युवाओं ने सोशल मीडिया बंद किये जाने के बाद उग्र आंदोलन किया. जिस स्मार्टफोन को लेकर पूरे देश में बहस छिड़ी हुई है कि यह बच्चों और खासकर छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रहा है, लेकिन ठीक इसके विपरीत गुमला जिले में इसी स्मार्टफोन को अब शिक्षा का हथियार बना लिया गया है. इस मामले में गुमला झारखंड का पहला जिला बना गया है, जहां उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर स्कूली शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता ‘AI’ को अपनाते हुए छात्रों और शिक्षकों को ChatGPT एवं DeepSeek जैसे आधुनिक एप्लिकेशनों से जोड़ा जा रहा है. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को स्मार्ट स्टूडेंट और शिक्षकों को स्मार्ट टीचर बनाते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *