आज 28 अक्टूबर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें

                                    रांची न्यूज 

माओवादी रविंद्र गंझू की पत्नी गिरफ्तार, भेजी गयी जेल. माननीय न्यायालय के आदेश के आलोक में एसपी कुमार गौरव के निर्देशानुसार विशेष छापामारी अभियान चलाया गया. इस क्रम में चंदवा पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर रविंद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी को गिरफ्तार कर लिया. उसे मंडल कारा लातेहार भेज दिया गया है. पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई लोहरदगा जिले के जोबांग थाना कांड संख्या 33/18 के आलोक में की गयी है. उक्त मामले में ललिता देवी पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था. ललिता देवी पूर्व में भी जेल जा चुकी है.

                                    रांची न्यूज 

ब्लड बैंक की जांच के लिए कमेटी का गठन. स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ नेहा अरोड़ा के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच कमेटी बनायी गयी है. यह कमेटी सदर अस्पताल चाईबासा स्थित ब्लड बैंक के रिकॉर्ड, स्टॉक, जांच परीक्षण, भंडारण और वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया की गहन जांच करेगी. जांच समिति यह भी देखेगी कि अन्य जिलों में संचालित रक्त कोषों की कार्यप्रणाली में समान प्रकार की त्रुटि तो नहीं है. जांच रिपोर्ट सात दिनों में विभाग को दी जायेगी.

                                    रांची न्यूज 

बंगाल की खाड़ी में बन रहा डीप डिप्रेशन, 31 तक कई इलाकों में भारी बारिश संभव. बंगाल की खाड़ी में बन रहे डीप डिप्रेशन का असर झारखंड में दिखने लगा है. आकाश में बादल छा गये हैं. 28 से 31 अक्तूबर तक राज्य के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. राजधानी सहित राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश होने का अनुमान है. राज्य में तूफान की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है. वज्रपात भी हो सकता है. मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

                                    धनबाद न्यूज

आज और कल शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, मेमको मोड़ से चलेंगी बसें. महापर्व को लेकर दो दिन धनबाद की यातायात व्यवस्था में किया गया बदलावDhanbad News: महापर्व छठ के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. यह व्यवस्था 27 अक्तूबर को अपराह्न एक बजे से रात नौ बजे तक और 28 अक्तूबर की रात दो बजे से सुबह नौ बजे तक प्रभावी रहेगी. इस अवधि में पूजा टॉकीज से सिटी सेंटर की ओर तथा सिटी सेंटर, बेकारबांध चौक से पूजा टॉकीज की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.

                                    जमशेदपुर न्यूज 

छठ महापर्व : घाटों पर उमड़ेगी आस्था की भीड़, सुरक्षा-सुविधा के लिए प्रशासन ने कसी कमर. लोक आस्था के महापर्व छठ से लौहनगरी जमशेदपुर अब पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है. सुवर्णरेखा और खरकई नदी के किनारे और डिमना लेक व विभिन्न तालाबों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है. छठ के पारंपरिक लोकगीत, जैसे कि ””केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय””, घर-आंगन में गूंज रहे हैं. शहर के तीनों नगर निकायों (जमशेदपुर अक्षेस, मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद) तथा बागबेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 90 से अधिक छठ घाटों को अंतिम रूप दिया जा चुका है. सोमवार, 27 अक्तूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ दिया जायेगा.

                                    बोकारो न्यूज 

घाट सजवली मनोहर, मईया तोरा भगती अपार. ‘घाट सजवली मनोहर मईया, तोरा भगती अपार, लिहिं ए अरग हे मईया, दिहीं आशीष हजार…’ बोकारो-चास के छठ घाट सज-धज कर तैयार हैं. अब व्रतियों का बेसब्री से इंतजार हो रहा है. अस्ताचलगामी सूर्य को 05.24 बजे व उदयाचलगामी सूर्य को 06.13 बजे अर्घ्य दिया जायेगा. लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन रविवार को व्रतियों ने नेम-निष्ठा के साथ खरना किया. छठ घाट सजधज कर तैयार हैं. अब अर्घ के लिए व्रतियों का इंतजार है. शहर के नदी-तालाब रंग-बिरंगी रोशनी से नहा उठे हैं.

                                    बोकारो न्यूज 

आईओक्यूएम में चिन्मय विद्यालय का आदर्श सिंह झारखंड टॉपर. शैक्षिक और सह-पाठ्यचर्या परिणामों में हमेशा से अव्वल चिन्मय विद्यालय बोकारो के आदर्श सिंह ने राष्ट्रीय स्तर गणितीय परीक्षा-आईओक्यूएम (इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स) में बाजी मारी है. आदर्श 100 में से 79 अंक प्राप्त कर झारखंड प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है. आइओक्यूएम में चिन्मय विद्यालय के दो दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने बाजी मारी है. इससे स्कूल में हर्ष का माहौल है.

                                    गुमला न्यूज 

सांसद को कांग्रेस ने सौंपी जिम्मेदारी, दी बधाई. गुमला कांग्रेस पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें चंडीगढ़ के लिए नेशनल टैलेंट हंट (राष्ट्रीय प्रतिभा खोज) प्रोग्राम का नोडल कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है. जिला कांग्रेस कमेटी गुमला के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता आरिफ हुसैन अख्तर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किये जा रहे इस नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षित कर अगली पीढ़ी के मीडिया प्रवक्ता और पैनलिस्ट तैयार करना है. इस कार्यक्रम के तहत देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर दिया जायेगा, ताकि वे पार्टी की विचारधारा को सशक्त ढंग से आगे बढ़ा सकें.

                                    खूंटी न्यूज 

मुंडा आदिवासी समाज की कला, संगीत और संस्कृति पर की चर्चा. छोटानागपुर मुंडा संस्कृति कला मंच खूंटी द्वारा कुंदी-बरटोली ग्राम सभा के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यशाला का रविवार को समापन हुआ. कार्यशाला में मुंडा आदिवासी समाज की पारंपरिक कला, संगीत और संस्कृति का संरक्षण, संवर्धन और नयी पीढ़ी तक उसका प्रसार करने की जानकारी दी गयी. जिसमें मुख्य रूप से कला और संस्कृति प्रस्तुत करने की तकनीक, सांस्कृतिक कला दलों के संवैधानिक और कानूनी अधिकार, सरकारी और गैर-सरकारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु अनुबंध, पारंपरिक धुनों का पुनर्जीवन और नयी धुनों की रचना, आदिवासी संस्कृति का इतिहास और पुरानी राग-रागिनियों पर चर्चा, लीडरशिप और सांस्कृतिक दलों का नेतृत्व कौशल, रिवीजन-एक्टिविटी और नये गीतों का अभ्यास, नयी सांस्कृतिक गीतों की रचना और समूह प्रस्तुति की जानकारी दी गयी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *