आज 29 अक्टूबर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें

                                रांची न्यूज 

हजारीबाग भूमि घोटाला में भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद को एसीबी ने बनाया आरोपी. हजारीबाग वन भूमि घोटाला में भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद भी आरोपी बनाये गये हैं. यह पहली बार है, जब एसीबी ने झारखंड में किसी जमीन घोटाला मामले में भाजपा विधायक को आरोपी बनाया है. एसीबी ने जांच में पाया है कि घोटाले से जुड़ी जमीन की रजिस्ट्री में उन्होंने बतौर गवाह अपने हस्ताक्षर किये थे. जमीन की रजिस्ट्री विनय सिंह और उनकी पत्नी के नाम पर 2010 में हजारीबाग रजिस्ट्री कार्यालय में हुई थी.

                                धनबाद न्यूज 

ट्रेनों में उमड़ने लगी वापस लौटने वालों की भीड़. महापर्व छठ मंगलवार को संपन्न हो गया. इसके साथ ही ट्रेनों में एक बार फिर से भीड़ होने लगी है. धनबाद से नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, चंडीगढ़ समेत अन्य स्टेशनों के लिए चलने वाली ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है. वहीं जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल पा रही है. मंगलवार की शाम में धनबाद से रवाना हुई धनबाद-एलेप्पी एक्सप्रेस का जनरल कोच भरा हुआ था. ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आते ही जनरल कोच फुल हो गया. वहीं धनबाद से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेनों से लेकर अन्य स्थायी ट्रेनों तक में सीट उपलब्ध नहीं है.

                                धनबाद न्यूज 

एसएनएमएमसीएच में आयुष्मान योजना से पहली बार हुआ मैंडिबल फ्रैक्चर का ऑपरेशन. शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) के दंत चिकित्सा विभाग के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा. 27 अक्टूबर, सोमवार को विभाग में आयुष्मान भारत योजना के तहत पहली बार मैंडिबल (जबड़े की हड्डी) फ्रैक्चर का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हुआ. यह सर्जरी तारों की मदद से क्लोज्ड रिडक्शन तकनीक के जरिए की गयी. मरीज जदुलाल महतो को यह उपचार आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क मिला. सर्जरी का नेतृत्व दंत विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अनिमेष ने किया.

                                धनबाद न्यूज

पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार, पर्यावरण संरक्षण जरूरी : रमैया. बीसीसीएल मुख्यालय में निदेशक (एचआर) ने अधिकारियों-कर्मियों में किया 400 पौधों का वितरण Dhanbad News: बीसीसीएल में विशेष अभियान 5.0 के तहत कंपनी मुख्यालय कोयला भवन में बुधवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पहल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पौधा वितरण कार्यक्रम किया गया. इसका उद्देश्य कर्मचारियों को हरित आवरण में वृद्धि एवं स्वच्छ, स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था.

                                देवघर न्यूज 

केसरवानी समाज की स्नेहा पहुंची केबीसी के हॉट सीट पर, 5.5 लाख जीता. बाबा नगरी देवघर में केसरवानी समाज की बहू स्नेहा विवेक केसरी ने टीवी के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के हॉट सीट तक पहुंचकर पूरे देवघर और झारखंड का नाम रोशन किया है. स्नेहा न केवल बुद्धिमत्ता की मिसाल बनी, बल्कि अपने आत्मविश्वास और सहज व्यक्तित्व से देशभर के दर्शकों का दिल जीत लिया. स्नेहा विवेक केसरी का एपिसोड सोमवार और मंगलवार की रात नौ बजे प्रसारित हो चुका है.

                                बोकारो न्यूज 

बोकारो थर्मल की रेशमा करेंगी देश का प्रतिनिधित्व. बोकारो थर्मल स्थित भाटिया एथलेटिक्स अकादमी की एथलीट रेशमा कुमारी 15 से 23 नवंबर तक हांगकांग में होने वाली हांगकांग क्लासिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इंग्लैंड, चीन, भारत, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और वेल्स समेत कुल 12 देश हिस्सा लेंगे. इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए रेशमा के आने-जाने, रहने और खाने का खर्च अकादमी के मुख्य संरक्षक प्रशांत अरोड़ा ने उठाया है.

                                गिरिडीह न्यूज 

दिवंगत के परिजनों से मिलने पहुुंचे बाबूलाल. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के डोरंडा निवासी कुशवाहा समाज के दिवंगत युवा नेता सुधीर कुमार वर्मा के परिजनों से सोमवार को उनके पैतृक गांव में मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की. वातावरण तब शोकमय हो गया, जब मरांडी ने परिजनों को गले लगाकर ढाढ़स बंधाया.

                                गुमला न्यूज 

डुमरी के पकरीटोली गांव में अधूरा पुल बना परेशानी का सबब. डुमरी आकांक्षी प्रखंड डुमरी की करनी पंचायत अंतर्गत पकरीटोली गांव में जामकोना नाला पर करोड़ों रुपये की लागत से बना अर्द्धनिर्मित पुल ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. झारखंड और छत्तीसगढ़ को जोड़ने के उद्देश्य से करीब 10 वर्ष पूर्व इस पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन संवेदक पुल को अधूरा छोड़कर भाग गया, तब से काम बंद है और प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है. ग्रामीण आनंद बखला, विमल तिर्की, बसिया बाखला, सागर कुजूर, विजय लकड़ा समेत अन्य ने बताया कि पुल के दोनों ओर एप्रोच भराई नहीं की गयी है.

                                खूंटी न्यूज 

इंडियन ऑयल डिपो के टैंकर चालकों ने की हड़ताल. खूंटी के अनिगड़ा स्थित इंडियन ऑयल टर्मिनल के टैंकर चालकों ने मंगलवार को हड़ताल कर दी. उन्होंने अपने टैंकर को लोडिंग में नहीं लगाया. टैंकर चालकों ने इंडियन ऑयल डिपो और परिवहन विभाग द्वारा जबरन परेशान करने का आरोप लगाया. चालकों ने कहा कि लिखित आश्वासन के बाद ही हड़ताल समाप्त की जायेगी. चालक आसिफ आलम ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा जहां-तहां रोक कर भारी जुर्माना लगाया जाता है. चालक के लाइसेंस में भी त्रुटि निकालकर जुर्माना लगाया जाता है. अहमद गुलाम अंसारी ने बताया कि डिपो में भी चालकों को परेशान किया जाता है.

                                खूंटी न्यूज 

कुरमी-कुड़मी के आदिवासी की मांग के विरोध में आक्रोश रैली. बंदगांव बाजार टांड़ में कुरमी-कुड़मी समाज के आदिवासी बनाये जाने की मांग के विरोध में आदिवासी समन्वय समिति सह समस्त आदिवासी सामाजिक संगठनों के आह्वान पर प्रतिकार आक्रोश रैली निकाली. सभा में हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए. सभा के बाद बंदगांव बाजार से ब्लॉक तक रैली निकाली गयी. सभा की अध्यक्षता आदिवासी समन्वय समिति अध्यक्ष करम सिंह ने किया. संचालन उपाध्यक्ष जादोराय मुंडरी ने किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *