रांची न्यूज
दीपक वर्मा ने संभाला सीआईएसएफ पूर्वी क्षेत्र रांची मुख्यालय का महानिरीक्षक पद. दीपक वर्मा ने 1 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय, रांची में महानिरीक्षक के रूप में पदभार संभाला. वे 1993 में सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से सीआईएसएफ में शामिल हुए थे. महानिरीक्षक बनने से पहले उन्होंने पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के हवाई अड्डा क्षेत्रों में उप महानिरीक्षक के रूप में 20 हवाई अड्डों की निगरानी की. उनके प्रयासों से गुवाहाटी हवाई अड्डे पर विमानन सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान (एएसटीआई) स्थापित हुआ, पटना हवाई अड्डे पर नया एकीकृत टर्मिनल भवन प्रबंधित किया गया और लेंगपुई, आइजोल, मिजोरम में सीआईएसएफ को शामिल किया गया.
रांची न्यूज
गेटवे ऑफ झारखंड बनेगा एयरपोर्ट क्षेत्र, काम शुरू. राजधानी रांची के एयरपोर्ट क्षेत्र को ‘गेटवे ऑफ झारखंड’ के रूप में विकसित किया जायेगा. आनेवाले दिनों में शहर में प्रवेश करने वाले यात्रियों को आधुनिक नगरीय विकास की झलक मिलेगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर एयरपोर्ट रोड, हिनू चौक और बिरसा चौक तक के पूरे मार्ग के आधुनिकीकरण व सौंदर्यीकरण की योजना तैयार कर कार्य शुरू कर दिया गया है. एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास के लिए नगर विकास विभाग ने जुडको को 45.03 करोड़ रुपये की योजनाओं के लिए राशि आवंटित की है. एयरपोर्ट रोड से बिरसा चौक तक छह लेन सड़क बनेगी. नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट क्षेत्र का विकास राजधानी के शहरी नियोजन एवं सौंदर्यीकरण के तहत किया जायेगा. भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों को आकर्षक, स्वच्छ और हरियाली भरा वातावरण उपलब्ध कराया जायेगा. एयरपोर्ट से हिनू चौक तक 1.65 किमी सड़क को छह लेन का किया जायेगा. सड़क पर फुटपाथ व साइक्लिंग पाथ का निर्माण होगा. स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और एलइडी फ्लोरिंग पैनल लगाये जायेंगे. रास्ते में जनजातीय कला-संस्कृति पर आधारित भित्तिचित्र व पत्थर की कलाकृतियां भी होंगी.
धनबाद न्यूज
चादरपोशी के साथ सैयद अब्दुल अजीज शाह बाबा का उर्स शुरू. लोयाबाद में रविवार को सरकारी चादरपोशी के साथ हजरत सैयद अब्दुल अजीज शाह बाबा (रहम) का सालाना उर्स शुरू हो गया. मुस्लिम कमेटी लोयाबाद की ओर से लोयाबाद मोड़ स्थित कमेटी कार्यालय से चादरपोशी के लिए जुलूस निकला, जिसमें सभी संप्रदाय के लोग शामिल हुए. लोयाबाद छह नंबर स्थित बाबा के मजार पर लगने वाला यह उर्स हिंदू मुस्लिम कौमी एकता का प्रतीक है. कमेटी अध्यक्ष मो इम्तियाज अहमद व महामंत्री मो असलम मंसूरी ने बाबा की चादर माथे पर लेकर निकले. बाबा के दरबार पर श्रद्धा के साथ लोगों ने चादरपोशी की. फातेहा खानी के बाद देश की एकता, अखंडता, तरक्की व सलामती की दुआएं मांगी गयी.
गढ़वा न्यूज
तुलसी, नींबू के पौधे लगाकर विद्यालयों ने डकार लिये 60-60 हजार रुपये. अपर समाहर्ता के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने पकड़ी गड़बड़ी पीयूष तिवारी, गढ़वा ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में विद्यालय स्तर से ही बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और विद्यालय का वातावरण इको-फ्रेंडली बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध करायी गयी 15 लाख रुपये से अधिक की सरकारी राशि का गबन कर लिया गया है. जिले के सभी 26 पीएमश्री विद्यालयों को 60-60 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करायी गयी थी. इसमें से 10-10 हजार रुपये हर्बल/मेडिकल गार्डेन व 50-50 हजार रुपये एक्टिविटी प्रमोटिंग ग्रीन स्कूल योजना के तहत प्राप्त हुए थे. इस प्रकार सभी विद्यालयों को मिलाकर लगभग 15 लाख रुपये की राशि दी गयी.
दुमका न्यूज
कांग्रेस का अभियान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ बनियारा गांव से शुरू. सरैयाहाट प्रखंड में कांग्रेस पार्टी ने रविवार को ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन की शुरुआत की. इस अभियान का शुभारंभ बनियारा पंचायत से किया गया. जहां स्थानीय कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मिलकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए. विधायक श्री यादव ने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है. जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है.
खूंटी न्यूज
रक्तदान शिविर में 34 यूनिट रक्त संग्रहित. मारवाड़ी युवा मंच नगर शाखा खूंटी के द्वारा रविवार को स्थानीय राजस्थान भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में खूंटी ब्लड बैंक और सेवा सदन रांची की टीम मौजूद रही. इस अवसर पर कुल 34 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी और उपाधीक्षक डॉ आनंद उरांव ने किया. उन्होंने अपने संबोधन में शिविर आयोजित किये जाने की सराहना की. वहीं रक्तदान करने आये लोगों का हौसला बढ़ाया. राजस्थान भवन के अध्यक्ष श्रीपाल जैन ने कहा कि रक्तदान महादान है. रक्तदान करने वाले व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ने का खतरा कम रहता है. वहीं कई अन्य फायदे भी हैं.
चाईबासा न्यूज
सात अक्तूबर को चाईबासा में धरना देंगे झारखंड पुनरुथान अभियान के सदस्य. झारखंड पुनरुत्थान अभियान की बैठक रविवार को पूर्व विधायक बहादुर उरांव के आवास पर हुई. बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष नारायण सिंह पुरती ने की. बैठक की शुरुआत झारखंड के प्रथम महालेखाकार एवं पूर्व आइएएस अधिकारी बेंजामिन लकड़ा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर हुई. इसके बाद संगठन की ओर से चार प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया. पूर्व विधायक बहादुर उरांव ने बताया कि 7 अक्तूबर को अभियान के बैनर तले सदर अनुमंडल पदाधिकारी, चाईबासा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जायेगा.इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा. इस अवसर पर सन्नी सिंकु, अमृत माझी, शैली शैलेंद्र सिंकु, मंगल सरदार, बिरसा गोप तथा सहदेव महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे. सारंडा आरक्षित वन क्षेत्र में वन्य अभयारण्य स्थापित करने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार झारखंड सरकार द्वारा की जा रही सुनवाई से उत्पन्न असमंजस को दूर करने की मांग की गयी.
