आज 22 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें || आज झारखंड समाचार || झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़

आज 22 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें || आज झारखंड समाचार || झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़
                                         रांची  

दो दिनों तक जमकर होगी बारिश, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी. झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है. राज्यभर में दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 24 और 25 सितंबर को राज्य के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश की संभावना जतायी है. इसके मद्देनजर कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. 24 और 25 सितंबर दोनों ही दिन को राज्य के दक्षिणी हिस्से में बारिश की प्रबल संभावना है. वहीं 26 सितंबर को पूरे राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की बारिश की संभावना है.

                                        रांची 

आज से सस्ता हुआ दूध, घी पनीर और बटर, यहां देखिए नयी कीमत. जीएसटी दर में कटौती के साथ ही आज 22 सितंबर से भारत की जनता को कई छोटी-बड़ी चीजें थोड़ी सस्ती मिलेगी. टीवी-फ्रिज के साथ ही कई खाद्य सामग्री की कीमत में भी आज से कटौती देखने को मिलेगी. आज सोमवार से दूध, घी, पनीर और बटर भी सस्ता हो गया है. बिहार राज्य को-ऑपरेटिव मिल्क फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने अपने सुधा ब्रांड के डेयरी प्रोडक्ट की कीमतों में 1 से 10 रुपये तक की कमी की है. मालूम हो दूध, घी, मक्खन और आइसक्रीम समेत 18 उत्पादों की कीमतों में कटौती करने की घोषणा की गयी है. दूध, घी की नयी कीमत. कीमत में कटौती के साथ ही आज सोमवार से एक लीटर टोंड मिल्क की कीमत 1 रुपये घटकर 73 रुपये हो गयी है. वहीं घी प्रति टिन 10 रुपये कम हुआ है. इसके अलावा टेट्रा पैक अब 70 की जगह 68 रुपये में बिकेगा. 100 ग्राम पनीर अब 46 रुपये में मिलेगा और 500 ग्राम पनीर अब 210 की जगह 205 रुपये में मिलेगा.

                                        धनबाद 

आइआइटी-आइएसएम के मार्गदर्शन में चार राज्यों के पांच विवि में नवाचार और शोध मिलेगा बढ़ावा. भारत सरकार की एनआरएफ (नेशनल रिसर्च फाउंडेशन) पेयर स्कीम के तहत आइआइटी आइएसएम चार राज्यों के पांच उच्च व तकनीकी शिक्षण संस्थानों में नवाचार और शोध बढ़ावा देने के लिए मार्गदर्शन दे रहा है. इन संस्थानों में पश्चिम बंगला का एनआइटी दुर्गापुर, झारखंड का एनआइटी जमशेदपुर, हजारीबाग का विनोबा भावे विश्वविद्यालय, बिहार का पटना विवि और उत्तर प्रदेश का गोरखपुर विवि शामिल है. इसी उद्देश्य से रविवार को आइआइटी-आइएसएम में इन सभी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के लिए आइआइटी आइएसएम में कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन आइआइटी आइएसएम के निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा ने किया. कार्यशाला को संस्थान के उपनिदेशक प्रो धीरज कुमार, डीन एकेडमिक प्रो एमके सिंह ने भी संबोधित किया और कार्यशाला का उद्देश्य बताया.

                                        धनबाद 

बिनोद नगर में पोल हुआ क्षतिग्रस्त, 16 घंटे बाद बहाल हुई बिजली. विनोद नगर में बिजली के 11 केवीए पोल क्षतिग्रस्त होने की वजह से बड़ी आबादी को शनिवार की रात से रविवार की शाम तक गंभीर कटौती का सामना करना पड़ा. शनिवार की रात लगभग एक बजे ट्रक के धक्के से विनोद नगर लाइन किनारे बिजली का 11 केवीए पोल क्षतिग्रस्त हो गया. इससे पूरे विनोद नगर इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गयी. रात होने की वजह से मेंटेनेंस कार्य शरू नहीं हो पाया. रविवार की सुबह जेबीवीएनएल के अधिकारियों ने मेंटेनेंस कार्य शुरू किया. नये पोल की व्यवस्था की गयी. पोल को खड़ा करने के बाद क्षतिग्रस्त बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के बाद शाम के 5:50 बजे इलाके की बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. ऐसे में विनोद नगर व आस-पास के लोग शनिवार की रात से रविवार की शाम तक घंटों बिजली कटौती से परेशान रहे.

                                        धनबाद 

अमेरिका में एच-1बी वीजा के बढ़े शुल्क से सबसे अधिक प्रभावित होंगे आइआइटी-आइएसएम के छात्र. अमेरिका की नयी एच-1बी वीजा पॉलिसी का बड़ा असर झारखंड के इंजीनियरिंग संस्थानों पर भी देखने को मिलेगा. वीजा के बढ़े हुए शुल्क से धनबाद में सबसे अधिक प्रभावित आइआइटी-आइएसएम धनबाद के छात्र होंगे, खासकर आइटी और कंप्यूटर साइंस से जुड़े छात्र नयी पॉलिसी से सीधे प्रभावित होंगे क्योंकि उनके लिए अमेरिका अब पहले जितना सहज विकल्प नहीं रहेगा. जबकि बीआइटी सिंदरी के छात्रों पर इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *