आज 23 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें || आज झारखंड समाचार || झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़

कक्षा 2 से 11वीं तक पढ़ाई जाएगी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की कहानी, तैयार हुआ सिलेबस. झारखंड के बच्चे अब स्कूलों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की गाथा पढ़ेंगे. राज्य के स्कूली पाठ्यक्रम में दिशोम गुरु की जीवनी शामिल की गयी है. आगामी वर्ष 2026 से स्कूलों में मिलने वाली किताबों में शिबू सोरेन का चैप्टर भी शामिल होगा. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी सहमति दे दी है. इसे लेकर शिक्षा विभाग द्वारा तैयार ड्राफ्ट को भी सरकार ने स्वीकृति दे दी है. संबंधित शैक्षणिक सामग्री का कंटेट तैयार कर लिया गया है.

                                बोकारो 

स्वच्छता ही सेवा के तहत फुसरो नप में कार्यशाला. स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत फुसरो नगर परिषद की ओर से क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोमवार को फुसरो नप कार्यालय सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसमें सिटी मैनेजर अजमल हुसैन व सिटी मिशन मैनेजर सुजीत द्विवेदी ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति आदतों में सुधार एवं स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना है. कहा कि सभी को एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाना है. कार्यशाला में सामुदायिक संसाधन सेविका, स्वयं सहायता की महिलाएं, कार्यालय कर्मचारियों ने भाग लिया.

                                गढ़वा

अब सायरन वाली बाइक से गश्त करेगी गढ़वा पुलिस. पुलिस को मिलीं 30 नयी बाइक, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी सक्रियता – पुलिस मुख्यालय ने उपलब्ध करायी 30 पल्सर बाइक – जिला स्तर पर सायरन व लाइट लगायी गयी प्रभाष मिश्रा/मुकेश तिवारी, गढ़वा/रमकंडा जिले में अब पुलिस गश्त और तेज व सक्रिय हो गयी है. पुलिस मुख्यालय की ओर से गढ़वा जिला को 30 नयी पल्सर बाइक (2025 मॉडल) उपलब्ध करायी गयीं हैं. इन बाइकों में जिलास्तर पर सायरन और फ्लैश लाइट लगायी गयी है. पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि शहरी क्षेत्र के साथ-साथ थानों को भी आवश्यकता अनुसार बाइक दी गयीं हैं. इससे दुर्गम इलाकों और शहर के गली-मोहल्लों तक पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी और सुरक्षित वातावरण बनाने में मदद मिलेगी. बता दें कि गढ़वा थाना के टाइगर पुलिस को को चार बाइक, बंशीधर नगर, मेराल, रंका, मझिआंव, चिनिया, कांडी, रमना, भवनाथपुर और खरौंधी थाने को 2-2 बाइक दी गयी हैं. वहीं बरडीहा, हरिहरपुर ओपी, विशुनपुरा, केतार, धुरकी, डंडा, रमकंडा और डंडई थानों को 1-1 बाइक उपलब्ध करायी गयी है.

                                गढ़वा 

दशहरा से पहले 2.21 लाख लाभुकों को मिली अगस्त की राशि. मंईयां योजना. दीपावली के पहले लाभुकों को मिलेगी सितंबर माह की राशि मुस्कान के साथ मनेगा दशहरा – जिले के लाभुकों को सितंबर में मिली दो माह की राशि – 15 सितंबर को लाभुकों के खातों में भेजी गयी थी जुलाई की राशि प्रतिनिधि, गढ़वा जिले में मईयां योजना के लाभुकों के लिए इस बार का दशहरा खास हो गया है. सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से सितंबर माह में गढ़वा जिला के करीब 2.21 लाख लाभुकों के बैंक खातों में जुलाई व अगस्त माह की राशि भेज दी गयी. सितंबर माह में लाभुकों कुल 5000 रुपये की राशि भेजी गयी है. शनिवार से ही अगस्त माह की राशि लाभुकों के खाते में पहुंचनी शुरू हो गयी है. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 15 सितंबर को जुलाई माह की किस्त (2500 रुपये) प्रत्येक लाभुक को भेज दी गयी थी. इसके बाद 20 सितंबर से अगस्त माह की किस्त भी खातों में पहुंच रही है.

                                दुमका 

चार वर्षीय बालक ने निगला सिक्का, दुमका रेफर. गोपीकांदर गोपीकांदर प्रखंड के रांगा मिशन गांव में सोमवार सुबह चार वर्षीय राम मड़ैया के गले में सिक्का फंसने से परिजन घबरा गये, उसे सीएचसी गोपीकांदर लाये. बच्चे के पिता बाबूराम मड़ैया ने बताया कि सुबह करीब छह बजे बेटा खेलते समय मुंह पर रखा सिक्का निगल गया. खांसी आने पर जब मुंह देखा गया तो सिक्का गले में फंसा मिला. काफी प्रयास के बावजूद सिक्का नहीं निकला तो उसे अस्पताल ले जाया गया. सीएचसी गोपीकांदर के डॉक्टर सुमित आनंद ने जांच और एक्स-रे के बाद सिक्का निकालने के लिए बेहतर इलाज के लिए बच्चे को पीजेएमसीएच रेफर कर दिया. हालांकि रेफर के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आयी. अस्पताल में मौजूद ममता वाहन का ड्राइवर नहीं मिला. एंबुलेंस चालक ने बताया कि गोपीकांदर के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है. पेट्रोल की कमी के कारण भी वाहन नहीं मिला. नतीजा यह हुआ कि गंभीर स्थिति में बच्चे को यात्री बस से दुमका भेजना पड़ा.

                                चाईबासा 

सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने या अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई. दुर्गा पूजा में विधि-व्यवस्था को लेकर सोमवार को जगन्नाथपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू ने की. मौके पर अंचल अधिकारी मनोज झा शामिल रहे. थाना प्रभारी अविनाश हेंब्रम ने कहा कि पर्व के दौरान किसी को कहीं भी किसी प्रकार की सूचना मिले तो, इसकी जानकारी प्रशासन को दें. शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *