आज 07 अक्टूबर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें

                                    रांची न्यूज 

दुर्गोत्सव के बाद भी सड़क पर खड़े ताेरण द्वार दे रहे हादसे को न्योता. राजधानी के सभी पूजा समितियों की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को कर दिया गया, जिसके साथ ही दुर्गोत्सव समाप्त हो गया. लेकिन पूजा के दौरान बनाये गये तोरण द्वार अब भी सड़कों पर ही खड़े हैं. यह हाल तब है, जब जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को पूजा समाप्त होने के 48 घंटे के अंदर तोरण द्वार हटाने और इसके लिए खोदे गये गड्ढों को भर कर रोड को दुरुस्त करने का आदेश दिया था.

                                    रांची न्यूज

अरगोड़ा-चापुटोली फ्लाइओवर का डीपीआर अंतिम चरण में. अरगोड़ा से चापुटोली तक फ्लाइओवर निर्माण के लिए डीपीआर अंतिम चरण में है. जल्द ही इसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जायेगा. पथ निर्माण विभाग इसकी तैयारी कर रहा है. इस फ्लाइओवर के निर्माण पर करीब 300 करोड़ रुपये की लागत आयेगी. भू-अर्जन से लेकर सारे कार्यों का आकलन किया गया है. साथ ही पाइप लाइन शिफ्टिंग व बिजली पोल को हटाने के काम भी इसमें शामिल किया गया है. बीच सड़क पर पिलर की व्यवस्था होगी, जिस पर फ्लाइओवर स्थापित किया जायेगा. साइड के हिस्से को छोड़ा जायेगा, ताकि भू-अर्जन पर सड़क चौड़ी हो सके. इस तरह नीचे भी सड़क पर आवागमन सुचारू हो सकेगा.

                                    धनबाद न्यूज

बिजली विभाग के वर्कशॉप में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान. धनबाद थाना के पीछे हीरापुर बिजली सब डिवीजन कार्यालय परिसर में जीएम आवास से सटे एरिया बोर्ड के ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) में सोमवार की रात करीब नौ बजे आग लग गयी. आग लगते ही वर्कशॉप से धुआं निकलने लगा. लोगों की नजर पड़ी तो बिजली विभाग के अधिकारियों व धनबाद थाना को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर कुछ मिनट के अंदर ही फायर बिग्रेड की टीम तीन दमकल के साथ पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया. लगभग ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया ज सका. अगलगी की वजह स्पष्ट नहीं है. थंडरिंग भी इसकी एक वजह हो सकती है.

                                    धनबाद न्यूज 

परिवहन विभाग ने बिना ड्रेस व लाइसेंस के सात टोटो जब्त. जिला परिवहन विभाग ने सोमवार को सिटी सेंटर में बिना ड्रेस, लाइसेंस व बिना नंबर प्लेट के चल रहे टोटो चालकों के खिलाफ जांच अभियान चलाया. इस दौरान सात टोटो को जब्त कर धनबाद थाना में जमा कराया गया. सभी चालक बिना निर्धारित ड्रेस के वाहन चलाते पकड़े गये. जब्त किये गये टोटो में से चार में नंबर प्लेट नहीं थे और पांच चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे थे. कोई भी टोटो चालक ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहा था. जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिवाकर सी द्विवेदी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने सभी चालकों को ड्रेस कोड का पालन करने का निर्देश दिया, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी. डीटीओ ने शहर के सभी टोटो डीलरों को भी चेतावनी दी कि वे बिना पंजीकरण के कोई भी वाहन शो-रूम से बाहर न निकलने दें.

                                    देवघर न्यूज 

कांग्रेस ने वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे के साथ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की. शहर के खलासी मोहल्ला स्थित पूर्व सांसद फुरकान अंसारी के आवासीय परिसर से सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत की. हस्ताक्षर अभियान में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी व पूर्व सांसद फुरकान अंसारी भी शामिल हुए. बतााय कि 15 दिवसीय अभियान पंचायतों से लेकर शहरी वार्डों तक चलेगा, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से हस्ताक्षर करायेंगे. मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, हम उसे पूरी ईमानदारी से निभायेंगे. इस अभियान को हम जन-जन तक पहुंचाया जायेगा, साथ ही अपने वोट की रक्षा करेंगे. पूर्व सांसद ने कहा कि देश और राज्य के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है.

                                    देवघर न्यूज

रूस से तीन श्रद्धालु पहुंचे बाबाधाम, बाबा बैद्यनाथ की पूजा कर अपनाया सनातन धर्म. बाबानगरी में सोमवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. इस दौरान बाबा मंदिर में अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब रूस से तीन श्रद्धालु ने बाबा बैद्यनाथ के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे. जानकारी के अनुसार, तीनों विदेशी श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बाबा की पूजा करने की इच्छा जतायी. उन्होंने सनातन धर्म के रीति-रिवाजों को समझने के बाद स्वयं धोती और जनेऊ धारण करने की इच्छा व्यक्त की. इसके बाद मंदिर के पुरोहितों ने वैदिक परंपरा के अनुसार उनका संकल्प कराकर विधिवत पूजा-अर्चना करायी. पूजा के दौरान विदेशी श्रद्धालु हर हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते हुए भारतीय संस्कृति में पूरी तरह रमे नजर आये.

                                    बोकारो 

सड़क जर्जर, ग्रामीणों ने दी माइंस बंद करने की चेतावनी. कथारा से तेनुघाट जाने वाले मार्ग में विस्थापित गांव झिरकी बाइपास सड़क जर्जर हो गयी है. इससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. चार पहिया वाहन तो दूर, दोपहिया वाहन का भी चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीण बालेश्वर गोप, इसराफिल अंसारी, मो कुदुस, शराफत हुसैन आदि ने कहा कि समस्या को लेकर कई बार क्षेत्रीय व कथारा कोलियरी प्रबंधन के साथ ग्रामीण प्रतिनिधियों की वार्ता हुई. इसमें जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की बात प्रबंधन ने कही. लेकिन मरम्मत नहीं की गयी. एक सप्ताह के मरम्मत नहीं की गयी तो ग्रामीण कथारा माइंस बंद करेंगे.

                                    गिरिडीह न्यूज 

पंचायत प्रतिनिधियों को साल भर से मानदेय का इंतजार. बेंगाबाद की सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को मानदेय के लिए एक साल से इंतजार करना पड़ रहा है. मानदेय के लिए वार्ड सदस्य से लेकर मुखिया व अन्य जनप्रतिनिधि काफी परेशान हैं. बार-बार अधिकारियों से मानदेय भुगतान के लिए अर्जी देने व कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं. बावजूद इसके इस दिशा में कोई सुगबुगाहट नहीं दिख रही है. जनप्रतिनिधियों का कहना है कि नाममात्र का मानदेय दिया जाता है. एक साल से मानदेय नहीं मिलने से स्थिति बहुत विकट होती जा रही है.

                                    गिरिडीह न्यूज 

टाइगर जगरनाथ महतो जगरनाथ महतो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू. केबी उच्च विद्यालय डुमरी मैदान में सोमवार में सोमवार से को टाईगर जगरनाथ महतो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. टूर्नामेंट का उद्घाटन बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी ने फुटबॉल में किक मारकर किया. उद्घाटन मैच शोभा सघन क्लब बिराजपुर और आरएल क्लब जीतकुंडी के बीच खेला गया. इसमें जीतकुंडी ने 2-0 से जीत दर्ज की. बेबी देवी ने कहा कि इस क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की. सरकार की प्राथमिकता है कि गांवों के खिलाड़ी भी आगे आयें और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराये. अखिलेश महतो उर्फ राजू ने कहा कि खेल के क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाएं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *