रांची न्यूज
भूमि सर्वे मामले में राज्य सरकार ने सीलबंद रिपोर्ट सौंपी. झारखंड हाइकोर्ट ने राज्य में वर्ष 1974-75 से अधूरे पड़े भूमि सर्वे को पूरा करने को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई की. चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान व जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत सीलबंद रिपोर्ट को देखा और उसकी प्रति सभी पक्षों को देने का निर्देश दिया. सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने मौखिक रूप से टिप्पणी की कि रिपोर्ट दूसरे राज्य से संबंधित है. कोर्ट ने सवाल उठाया कि बिहार में जो सिस्टम अपनाया गया है, उस पर झारखंड सरकार क्यों नहीं विचार कर रही है. मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गयी है.
रांची न्यूज
पुलिसकर्मियों को अब 10 लाख का जीवन बीमा. राज्य के पुलिसकर्मियों को ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस के तहत 10 लाख रुपये बीमा की सुविधा प्रदान करने को लेकर गुरुवार को पुलिस मुख्यालय और एसबीआइ (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया) के बीच एमओयू हुआ. इस दौरान पुलिस कर्मियों के हित में एसबीआइ के साथ हुए सैलरी पैकेज से संबंधित नयी सुविधाओं के संबंध में चर्चा की गयी. मौके पर एसबीआइ पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी और डीजीपी अनुराग गुप्ता ने एक-दूसरे को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. बैठक में बताया गया कि अब इस एमओयू के तहत 10 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस (जीवन बीमा) भी जोड़ा गया.
धनबाद न्यूज
बच्चे की मौत मामले की जांच करेगा एसएनएमएमसीएच प्रबंधन. जोड़ाफाटक रोड स्थित पाटलिपुत्र अस्पताल में हुई एक बच्चे की मौत मामले की जांच की जिम्मेवारी एसएनएमएमसीएच प्रबंधन को सौंपी गयी है. स्वास्थ्य विभाग के निदेशक प्रमुख डॉ सिद्धार्थ सान्याल ने पत्र जारी कर एसएनएमएमसीएच के सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ सुनील कुमार को जांच पूरी कर एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. मामले को लेकर गुरुवार को पीड़ित परिवार के लोग एसएनएमएमसीएच पहुंचे थे, पर तकनीकी कारणों से पूछताछ की प्रक्रिया नहीं हो पायी. उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए शुक्रवार को अस्पताल बुलाया गया है. ज्ञात हो कि इस मामले की शिकायत मृतक के पिता संजय वर्मा ने मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से की है.
जमशेदपुर न्यूज
दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद एक सप्ताह तक नदी के पानी का लिया गया सैंपल. दुर्गा पूजा विसर्जन के बाद सुवर्णरेखा और खरकई नदी के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए लगातार एक सप्ताह तक पानी के नमूने लिये गये. झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद (जेएसपीसीबी) के निर्देश पर दो से नौ अक्तूबर तक सैंपल कलेक्शन का कार्य किया गया. इस बार नदी में पर्याप्त पानी होने से प्रदूषण का स्तर पिछले साल की तुलना में कम रहने की संभावना है. तीन स्थानों- मानगो पुल के पास सुवर्णरेखा घाट, सोनारी के दोमुहानी संगम स्थल और आदित्यपुर पुल के समीप बेली बोधनवाला घाट से सैंपल एकत्रित किये गये हैं.
देवघर न्यूज
43 साल रुका काम डेढ़ महीने में पूरा, 26 करोड़ के प्रोजेक्ट की लागत हो गयी 1800 करोड़ रुपए. देवघर जिले की बहुचर्चित पुनासी डैम परियोजना से जुड़ी जमीन का म्यूटेशन 43 साल बाद पूरा हुआ है. अब परियोजना की 3,200 एकड़ जमीन जल संसाधन विभाग के नाम दर्ज हो गयी है. देवघर अंचल कार्यालय ने 34 मौजा में से 26 मौजा की जमीन का म्यूटेशन पूरा कर लिया है, जबकि 3 मौजा की प्रक्रिया जारी है. शेष 5 मौजा की जमीन का ऑनलाइन विवरण दर्ज नहीं होने के कारण म्यूटेशन लंबित है, जिसे विभागीय स्तर पर तेजी से अपडेट किया जा रहा है.
देवघर न्यूज
प्रशिक्षित महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए दिया मार्ग दर्शन. नगर परिषद परिसर में कपड़े सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के बीच प्रमाण-पत्र वितरित किया गया. सिलाई का प्रशिक्षण एक माह तक दिया गया, जिसके बाद सफल रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं महिलाओं को प्रमाण-पत्र दिया गया, साथ ही प्रशिक्षित महिलाओं को रोजगार से जुड़ने के लिए मार्ग दर्शन भी दिया गया. मौके पर नगर मिशन प्रबंधक विजय कुमार ने बताया कि महिलाओं की ओर से सिलाई प्रशिक्षण आयोजन करने का अनुरोध किया जा रहा था, जिससे महिला खुद का रोजगार करने में सहयोग प्राप्त होगा, साथ ही प्राप्त प्रमाण-पत्र से सरकार की विभिन्न योजनाओं में रोजगार हेतु ऋण आदि लेने में आसानी होगी.
देवघर न्यूज
हर पंचायत-वार्ड में 500 कार्यकर्ता तैयार करें, देवघर संगठन को बनायें सर्वश्रेष्ठ : विनोद पांडेय. झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता तथा राज्य समन्वय समिति के सदस्य विनोद कुमार पांडेय ने गुरुवार को देवघर सर्किट हाउस कॉन्फ्रेंस हॉल में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक सह संवाद कार्यक्रम किया. इसमें महासचिव ने संगठन को पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि हर पंचायत और वार्ड में कम-से-कम 500 कार्यकर्ता तैयार करें, ताकि पूरे जिले में सवा लाख से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी बन सकें. हमारा लक्ष्य है कि देवघर झामुमो संगठन को राज्य का सबसे श्रेष्ठ संगठन बनाया जाये.
गिरिडीह न्यूज
जमुआ में कांग्रेस का वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान शुरू. जमुआ विधानसभा के पर्यवेक्षक अनिल चौधरी, बीस सूत्री अध्यक्ष जुनैद आलम, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला महासचिव मोहम्मद सद्दाम अंसारी के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन हरला पंचायत से किया गया. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने भाग लिया और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपने हस्ताक्षर दर्ज किए. धनवार प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने गुरुवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया. नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष निरंजन तिवारी कर रहे थे. अभियान वोट चोर गद्दी छोड़ का अभियान के तहत चलाया गया. अभियान की शुरुआत गुरुवार को डोरंडा से की गयी. इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा.
पलामू न्यूज
डीटीओ ने चार अवैध परिवहन करते वाहन जब्त किया, दो लाख जुर्माना. ज़िला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने बुधवार देर रात अवैध परिवहन को लेकर वाहनों का सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान चार वाहन को जब्त किया गया. जिसे सतबरवा व छत्तरपुर थाना परिसर में लगा दिया गया है. जब्त सभी वाहनों पर ओवरलोड पत्थर लदा हुआ है. साथ ही दो लाख रुपया जुर्माना भी लगाया गया है. अभियान के दौरान पता चला कि निर्धारित वजन से ज्यादा पत्थर लोड किया गया था. जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि व्यवसायिक वाहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के अलावा कार्यालय कर्मी मौजूद थे. नपं कार्यालय में बैठक 11 को हुसैनाबाद. नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में आगामी 11 अक्तूबर को बैठक बुलायी गयी है. बैठक में दीपावली, छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई पर चर्चा की जायेगी.
