आज 12 अक्टूबर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें

                                    रांची न्यूज

मईया सम्मान योजना के तहत अब तक 14 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और लाखों महिलाओं के खाते में ₹2500 की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। 14वीं किस्त दुर्गा पूजा से पहले जारी की गई थी और अब झारखंड सरकार दिवाली से पहले 15वीं किस्त जारी करने की तैयारी कर रही है।

                                    रांची न्यूज

लापरवाही नहीं चलेगी! मंत्री चमरा लिंडा ने अधिकारियों को चेताया, स्कॉलरशिप पर दिया बड़ा बयान. झारखंड के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने शनिवार को कहा है कि राज्य सरकार अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह समर्पित है. इसे लेकर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है. उन्होंने सभी अधिकारियों को चेताया कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचनी चाहिए. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

                                    रांची न्यूज 

विद्यार्थियों ने सीखा आपात समय में सेवा के तरीके. पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय मेसरा के विद्यार्थियों को सेना के 19 झारखंड बटालियन ने एनसीसी प्रशिक्षण के तहत आपात परिस्थिति में सेवा के तरीके को सीखाया. इस क्रम में नामकुम अस्पताल में फर्स्ट ऐड, सीपीआर, सेल्फ डिफेंस, फायर फाइटिंग में ह्यूमन चेन बना कर पानी की बाल्टी से आग को कैसे कंट्रोल करें, स्ट्रेचर बनाने की विधि आदि का प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण डॉ लेफ़्टिनेंट कर्नल जयाकला ओ व एनके प्रवीण कुमार व बटालियन के पीआइ स्टाफ ने दिया. शाम में वॉलीबॉल मैच का आयोजन हुआ. जिसमें बटालियन से संबद्ध 13 स्कूलों के 478 कैडेट्स ने भाग लिया.

                                    धनबाद न्यूज

आठ वर्षों बाद संजीव सिंह की आज होगी राजनीतिक वापसी, सिंह मेंशन में होगा समारोह. धनबाद से लेकर झरिया तक बैनर लगाये गये हैं. संजीव सिंह की वापसी को यादगार बनाने के लिए लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गयी है. कार्यक्रम के लिए बगल स्थित श्री श्री सूरजदेव सिंह स्मृति गुरुकुलम में विशेष व्यवस्था की गयी है. गौरतलब हो कि संजीव सिंह पूर्व डिप्टी मेयर सह अपने चचेरे भाई नीरज सिंह सहित चार अन्य लोगों की हत्या के आरोपों से बरी होने के बाद पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे.

                                    धनबाद न्यूज

27 शिक्षकों, 13 स्कूलों और पांच ब्लॉकों को सम्मानित किया गया. नवाचार और समर्पण का उत्सव संपर्क फाउंडेशन ने धनबाद जिला टॉप टीचर अवार्ड्स 2024-25 के तहत सरकारी स्कूलों में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों, स्कूलों और ब्लॉकों को टॉप टीचर अवार्ड्स 2024-25 से सम्मानित किया. यह पहल सरकारी स्कूलों में नवाचारी शिक्षण और ‘स्मार्ट शाला व संपर्क टीवी’ जैसे संसाधनों के जरिए बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को आनंदमय बनाने के प्रयासों को पहचान देने के लिए आयोजित की गयी. पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिये गये. बीएसएस बालिका उवि में आयोजित कार्यक्रम में तीन श्रेणियों में अवार्ड दिया गया.

                                    देवघर न्यूज 

केवल कार्रवाई नहीं, साइबर अपराध की पूरी चेन तोड़ना लक्ष्य. एसपी सौरभ ने शनिवार को पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की तथा साइबर अपराध की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. एसपी ने कहा कि जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जायेगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल कार्रवाई की संख्या बढ़ाना लक्ष्य नहीं है, बल्कि सटीक साक्ष्य के आधार पर साइबर अपराध की पूरी चेन को तोड़ना आवश्यक है. एसपी ने निर्देश दिया कि साइबर अपराधियों के बैंक खाते, सिमकार्ड आपूर्ति नेटवर्क और अर्जित संपत्ति की जांच कर ठोस कार्रवाई की जाये. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सहयोग से अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की दिशा में तेजी लायी जाये. बैठक में एसपी ने यह भी जाना कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को क्या चुनौतियां आ रही हैं. एसपी ने कहा कि अब तक की कार्रवाई संतोषजनक है, लेकिन इसे और मजबूत करने की जरूरत है.

                                    देवघर न्यूज

मेंटल हेल्थ के प्रति छात्रों को किया जागरूक. स्थानीय महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में शनिवार को लायंस क्लब के तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में देवघर के क्षेत्रीय संयोजक अटल चौरसिया व क्लब के अध्यक्ष प्रेम पाठक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा व प्रभारी प्रधानाचार्य शिवनाथ झा ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर प्रधानाचार्य ने कहा कि विशेष कर विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखना अति आवश्यक है. आज एकाग्रता अत्यंत आवश्यक है क्योंकि प्रतियोगिताएं कठिन होती जा रही है और हमारे मस्तिष्क को विकृत करने की बहुत सारी चीज आधुनिक बाजार में उपलब्ध है.

                                    बोकारो न्यूज

संगठन के विस्तार को लेकर जायसवाल समाज की बैठक. जायसवाल समाज (सर्ववर्गीय) बोकारो की बैठक शनिवार को अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल की अध्यक्षता में हुई. इसमें बोकारो जिले में संगठन के विस्तार व सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा की गयी. अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि समाज की विभिन्न उपजातियों को एकजुट कर एक सशक्त व प्रभावी संगठन का निर्माण समय की आवश्यकता है. उन्होंने कलवार समाज के सभी उपवर्गों से एकता और सहभागिता का आग्रह किया. उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण, बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा पर ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया.

                                    गिरिडीह न्यूज

डीटीओ ने की बीएनएस डीएवी स्कूल के बसों की जांच. इस दौरान सभी बसों के फिटनेस, परमिट, बीमा, पॉल्यूशन एवं चालक-परिचालक संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया गया. प्रधानाध्यापक को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी वाहनों के कागजात अद्यतन एवं विधिसम्मत हों तथा चालक लाइसेंसधारी और तय नियमावली के अनुरूप हों.

                                    दुमका न्यूज

आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण, 51 में से महज चार ही बच्चे मिले उपस्थित. बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने शनिवार को प्रखंड अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पीडीएस दुकान व मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान मोहुलबोना पंचायत के कदमा आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया. इस दौरान नामांकित में से मात्र दो बच्चे केंद्र पर उपस्थित पाये गये. बाद में और दो बच्चे केंद्र पर पहुंचे. जबकि आंगनबाड़ी केंद्र के नामांकन पंजी में 51 बच्चों का नाम दर्ज है. इस संबंध में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका से पूछताछ करने पर पता चला कि कई बच्चे पब्लिक स्कूल में पढ़ने चले जाते हैं, जो एक गंभीर मामला उजागर कर रहा है. नामांकन पंजी के अवलोकन से यह पता चला है कि इस महीने के प्रत्येक कार्य दिवस पर तीस से अधिक बच्चों की उपस्थिति नामांकन पंजी में दर्ज किया गया है. जबकि आज निरीक्षण के दौरान मात्र चार बच्चे उपस्थित पाये गये. इसके लिए संबंधित आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका को जांच के आदेश दे दिये गये हैं. केंद्र के कितने बच्चे पब्लिक स्कूल में भी नामांकित हैं, इनकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *