आज 15 अक्टूबर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें

                                    रांची न्यूज 

मनमाने ढंग से सड़कों पर लगे होर्डिंग, जांच करेगी कमेटी. रांची शहर की सड़कों पर मनमाने ढंग से लगाये गये 200 से अधिक होर्डिंग को लेकर नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने इन होर्डिंगों से यातायात और शहर की सुंदरता पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच के लिए उप प्रशासक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. प्रशासक ने कमेटी को निर्देश दिया है कि वे सड़कों पर लगे इन होर्डिंगों की स्थिति का भौतिक निरीक्षण कर यह बतायें कि क्या इनसे राहगीरों को परेशानी हो रही है, यातायात बाधित हो रहा है या रोड सेफ्टी के मानकों का उल्लंघन हो रहा है.

                                    रांची न्यूज

रांची के 74 जलाशयों की निगरानी को आठ विशेष टीमें बनीं. रांची नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में निगम अधिकारियों व कर्मियों की बैठक हुई. इसमें शहर के 74 जलाशयों की स्थिति की समीक्षा की गयी और छठ पर्व को लेकर सफाई, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये गये. छठ घाटों की निगरानी व समन्वय के लिए आठ विशेष टीमें बनायी गयी हैं, जो लगातार तालाबों का निरीक्षण करेंगी और पूजा समितियों से संपर्क बनाये रखेंगी. प्रशासक ने सभी पथ-बत्तियों को दुरुस्त करने और आवश्यकता अनुसार नयी लाइटें लगाने का निर्देश दिया.

                                    रांची न्यूज 

धरती आबा फिल्म फेस्टिवल शुरू, आदिवासी सिनेमा को मंच, पहचान को स्वर. प्रथम धरती आबा आदिवासी फिल्म फेस्टिवल मंगलवार से मोरहाबादी स्थित डॉ रामदयाल मुंडा जनजातीय शोध संस्थान में शुरू हुआ. यह फेस्टिवल जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार और झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. उद्घाटन सत्र में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि सिनेमा कम्युनिकेशन का एक सशक्त माध्यम है, पर अभी भी आदिवासी समुदाय के महापुरुषों और संस्कृति पर फिल्म उद्योग का ध्यान नहीं है.

                                    धनबाद न्यूज 

आइआइटी आइएसएम में स्कूली बच्चों के लिए होगा विज्ञान 2025 सम्मेलन. राज्य स्तरीय सम्मेलन में झारखंड के सरकारी व निजी स्कूल के छात्र लेंगे हिस्सा Dhanbad News: आइआइटी आइएसएम धनबाद के उड़ान द करियर क्लब की ओर से राज्य स्तरीय शैक्षणिक पहल ‘विज्ञान 2025’ सम्मेलन की घोषणा मंगलवार को की गयी. इसका उद्देश्य झारखंड के स्कूलों के छात्रों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और सीखने की भावना को प्रोत्साहित करना है. इस वर्ष की थीम सीखने की खुशी का जश्न मनाना रखा गया है. कार्यक्रम में झारखंड के कक्षा छह से 12 तक के छात्र शामिल होंगे, जिन्हें तीन श्रेणियों (छह से आठ), (नौ से 10) व (11–12) में बांटा गया है.

                                    जमशेदपुर न्यूज 

टाटा स्टील ने पेश की देश की पहली मोबाइल बोर पाइल केज मशीन. टाटा स्टील ने असम में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ भारत के निर्माण क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ा है. कंपनी ने देश की पहली मोबाइल बोर पाइल केज मशीन लॉन्च की है और साथ ही गुवाहाटी में एक पूर्णतः स्वचालित कंस्ट्रक्शन सर्विस सेंटर का उद्घाटन किया है. ये दोनों पहलें भारत के तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे में नवाचार, दक्षता और सततता को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.मोबाइल बोर पाइल केज मशीन का शुभारंभ असम में टाटा सेमिकंडक्टर असेंबली और टेस्ट प्लांट साइट पर किया गया. इसे टीजेके इंडिया, जो रिइनफोर्समेंट ऑटोमेशन में वैश्विक अग्रणी कंपनी है, के सहयोग से विकसित किया गया है.

                                    देवघर न्यूज 

स्वदेशी अपनाने और घर-घर पहुंचाने का लिया संकल्प. शहर के बावन बीघा स्थित एक होटल सभागार में मंगलवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा का विधानसभा स्तरीय का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन को संबोधित करते हुए जमुआ विधायक मंजू देवी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ स्वयं पर निर्भर होना है. यहां की कला व संस्कृति को देखकर यह बात स्पष्ट होता है कि भारत प्राचीनकाल से ही आत्मनिर्भर रहा है. उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज गति से विकास कि रह पर चल रहा है. सभी को मिलकर आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाना है और घर -घर स्वदेशी को अपनाना है.

                                    बोकारो न्यूज 

लाखों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास. मंत्री योगेंद्र प्रसाद के विधायक मद से स्वीकृत लाखों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास मंगलवार को उनकी पत्नी गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी ने किया. कारीटोंगरी में सिदो-कान्हू की प्रतिमा का अधिष्ठापन व शेड, कसियाडीह स्थित सिदो-कान्हू फुटबॉल मैदान में सिदो-कान्हू की प्रतिमा का अधिष्ठापन, कोचाकूल्ही स्थित सरना स्थल परिसर में सरना भवन, ललपनिया बस्ती स्थित कब्रिस्तान में शेड, टीकाहारा में दो पैन युक्त शौचालय और कोदवाटांड़, अइयर, बड़कीपुन्नू व केरी एदलकोचा में पीसीसी पथों की योजनाएं इसमें शामिल हैं.

                                    बोकारो न्यूज 

स्मार्ट मीटर के विरोध में मजदूरों का प्रदर्शन. बोकारो थर्मल, वर्षों से लंबित मांगों और स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर बीटीपीएस के सप्लाई मजदूरों ने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले मंगलवार को एडीएम भवन के समक्ष प्रदर्शन किया. मोर्चा के पदाधिकारियों ने 30 अक्तूबर के प्रस्तावित टूल डाउन हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया. प्रदर्शन के बाद सभा भी हुई, जिसकी अध्यक्षता व संचालन मोर्चा के ब्रजकिशोर सिंह ने किया. वक्ताओं ने कहा कि सप्लाई मजदूरों को भी स्थाई कामगारों की तरह एनर्जी एलाउंस दिया जाये. मासिक वेतन से बिजली बिल काटने, अवैध और विवादित स्मार्ट मीटर को रद्द करने, चिकित्सा सुविधा सहित 2019 के त्रिपक्षीय समझौते को लागू करने की मांग भी दोहरायी गयी.

                                    गिरिडीह न्यूज 

गढ़वा में साइबर क्राइम की घटना को अंजाम देने में शामिल तीन अपराधियों को बेंगाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की देर रात को नावासारी टोल प्लाजा के पास धर दबोचा. हालांकि रात के अंधेरे का लाभ उठाकर कुछ अपराधी वहां से भाग निकलने में सफल रहे. बताया जाता है कि गढ़वा में कुछ दिन पूर्व साइबर क्राइम की घटना हुई थी. गढ़वा पुलिस उक्त मामले के उद्भेदन में जुटी हुई थी. इधर, मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को अहम सुराग हाथ लगी थी. इसके बाद गिरिडीह के वरीय पुलिस अधिकारी से संपर्क स्थापित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मदद मांगी. मोबाईल लोकेशन से पुलिस टीम अपराधियों की धर पकड़ में जुट गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *