रांची
देर रात घर लौटना होगा आसान, आज रात से रांची के इन 6 रूटों पर चलेगी सिटी बस. राजधानी रांची के लगभग सभी प्रमुख पूजा पंडालों के पट खुल गये हैं. कल शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने पूजा पंडालों में पहुंचे. आज रविवार से श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने की भी संभावना है. न केवल शहर से बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग दुर्गा पूजा मेला घूमने निकलते हैं. कई बार ज्यादा रात होने के कारण वापस घर लौटने में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लेकिन, अब आपको रात में घर लौटने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है. शहरवासियों के लिए अलग-अलग कुल 6 रूटों पर आज रविवार रात से सिटी बस चलेगी. रांची नगर निगम ने अलग-अलग कुल 6 रूटों पर आज 28 सितंबर से सिटी बस चलाने का निर्णय लिया है. आज से 2 अक्टूबर तक शहर के 6 रूटों पर दो-दो बसें चलेगी. ये बसें रात 12 बजे तक या जब तक यात्री मिलते रहेंगे, तब तक चलेगी. बसों में महिला, बुजुर्ग और बच्चों को प्राथमिकता दी जायेगी. हालांकि इस सिटी बस के लिए यात्रियों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा.
रांची
रांची में दोपहर बाद हो सकती है बारिश, 2 और 3 अक्तूबर को भारी बारिश की संभावना. राजधानी रांची समेत राज्यभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बीते कई दिनों से रुक-रुक कर झमाझम बारिश हो रही है. कई जगहों पर तो पल भर में मौसम बदल रहे हैं. तेज धूप के बीच अचानक झमाझम बारिश शुरू हो जाती है. मौसम विभाग के अनुसार रांची में 28 से 30 सितंबर तक धूप के साथ आकाश में बादल छाये रहेंगे. वहीं दोपहर बाद कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. 3 अक्तूबर तक बारिश की संभावना.
धनबाद
प्रशासन ने बाइक से निकला फ्लैग मार्च. दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट है. शनिवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीम ने बाइक से फ्लैग मार्च निकाला. इसका उद्देश्य जिले में शांति-व्यवस्था और सुरक्षा का संदेश देना था. फ्लैग मार्च के दौरान पूजा समितियों ने भी पुलिस-प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया. कई इलाकों का किया भ्रमण. पुलिस लाइन से निकला फ्लैग मार्च स्टील गेट, गोल बिल्डिंग, झारखंड मैदान, बरमसिया, मनईटांड़, जोड़ा फाटक, धनसार, बैंक मोड़, मटकुरिया, केंदुआडीह, जोगता, लोदना, सिजुआ, कतरास, बाघमारा, विनोद बिहारी चौक, पांडरपाला, भूली, वासेपुर और नया बाजार, पूजा टाकीज, कोर्ट मोड़ समेत दर्जनों क्षेत्रों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इलाके की स्थिति का जायजा लेते रहे.
जमशेदपुर
आधुनिक तकनीक से मछली पालन पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, केंद्रीय मत्स्यिकी शिक्षा संस्थान, कोलकाता द्वारा तीन दिवसीय आदिवासी उपयोजना अंतर्गत मीठे पानी में आधुनिक तकनीक से मछली पालन विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह प्रशिक्षण मत्स्य विभाग, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से जमशेदपुर में संपन्न हुआ. प्रशिक्षण में डॉ दिलीप कुमार सिंह, मत्स्य वैज्ञानिक, केंद्रीय मत्स्यिकी शिक्षा संस्थान ने विभिन्न तकनीकी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी. इनमें मिश्रित मछली पालन, मिट्टी एवं जल की गुणवत्ता, मत्स्य आहार, मत्स्य रोग प्रबंधन, आहार देने की रणनीति, समेकित मत्स्य पालन तथा तालाब निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे. इस प्रशिक्षण का संचालन जिला मत्स्य पदाधिकारी अलका पन्ना, सहायक मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार वर्मा ने किया. जिले के 30 अनुसूचित जनजाति मत्स्य कृषकों ने इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया और आधुनिक तकनीकों की बारीकियों को समझा.कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को फिश फीड, फिश अंगुलिका तथा प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध करायी गयी. जिला मत्स्य पदाधिकारी अलका पन्ना ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से आदिवासी मत्स्य कृषकों की आजीविका में सुधार लाना और जिले में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने का प्रयास है.
देवघर
पंचायत समिति की बैठक में उठा स्वास्थ्य व बिजली विभाग का मुद्दा. प्रमुख उषा किरण मरांडी की अध्यक्षता में शनिवार को पंचायत समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई. बैठक में प्रभारी बीडीओ चंदन कुमार सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायत समिति सदस्यों ने हिस्सा लिया. पंचायत समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना व बिजली विभाग के कर्मियों की मनमानी व आवास योजना के को-ऑर्डिनेटर की मनमानी का मुद्दा छाया रहा. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सीएचसी केवल रेफर केंद्र बन कर रह गयी है. यहां से ज्यादातर मरीजों को रेफर किया जाता है. सदस्यों ने कहा कि ऑन ड्यूटी चिकित्सक ओपीडी की जगह सीएचसी के अपने आवासीय क्वार्टर में रहते हैं. मरीज आने के बाद उन्हें सूचना देकर बुलाया जाता है. इसको लेकर प्रमुख व बीडीओ ने नाराजगी जतायी. मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नित्यानंद चौधरी को व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया. इसके अलावा ममता वाहन के संचालन में गड़बड़ी का मामला उठाते हुए इसकी जांच कराने की मांग उठायी. साथ ही एमटीसी सेंटर को पूरी तरह से फंक्शनल करने की बात कही गयी. साथ ही सदस्यों ने सीएचसी में महिला चिकित्सक स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापन के लिए उच्चाधिकारी को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया.
गिरिडीह
कुड़मी समाज की मांगों के विरोध में जुलूस सात अक्तूबर को. सरिया स्टेडियम में शनिवार को मांझी बाबा समुदाय की बैठक हुई. आदिवासी एकता मंच के बैनर तले आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता रामजी मुर्मू व बालेश्वर मरांडी ने किया. बैठक में समुदाय के लोगों ने कुड़मी समाज की मांगों के खिलाफ एकजुटता दिखायी. रामजी मुर्मू ने कहा कि कुरमी समाज की मांगें आदिवासी हितों को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए इसका शांतिपूर्ण विरोध करना आवश्यक है. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सात अक्तूबर को सरिया में कुड़मी समाज के अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग के विरोध में जुलूस निकाला जायेगा. जुलूस में बगोदर, सरिया और बिरनी के तमाम गांवों से मांझी बाबा समुदाय के लोग शामिल होंगे. जुलूस सरिया बाजार में भ्रमण कर अंचल कार्यालय पहुंचेगा. सीओ को ज्ञापन सौंपा जायेगा.
पलामू
एसपी के निर्देश पर छापामारी अभियान. पलामू एसपी रिष्मा रमेशन के निर्देश पर तरहसी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापामारी अभियान चलाया गया. इस क्रम में थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सुखरो व देल्हा गांव में छापामारी अभियान चलाकर करीब 100 किलो जावा महुआ को नष्ट किया गया. जबकि करीब 20 लीटर महुआ शराब नष्ट किया गया. वहीं शराब बनाने वाली उपकरण को भी नष्ट किया गया. थाना प्रभारी श्री राम ने बताया कि एसपी के निर्देश पर छापामारी अभियान चलाया गया है.
पलामू
सिंगरा खुर्द के राशन डीलर का लाइसेंस निलंबित. जांच के दौरान गड़बड़ी पाये जाने के बाद सदर मेदिनीनगर प्रखंड के सिंगरा खुर्द के जनवितरण प्रणाली दुकानदान नवीन शुक्ला का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है. पिछले दिनों आपूर्ति विभाग की बैठक में डीसी ने इस मामले में पूछताछ की थी. जांच के दौरान नसरुद्दीन मियां, कौशल कुमार शुक्ला, दीपक कुमार शुक्ला, राजीव कुमार शुक्ला, आशा देवी, सत्येंद्र राम, सुरत कुंवर एवं यशोदा देवी ने लिखित रूप से बयान दिया है कि जन वितरण प्रणाली विक्रेता नवीन शुक्ला के द्वारा 02-03 महीना का पर्ची निकाल कर देते थे. बार-बार दौड़ाते थे. एक महीना का खाद्यान्न बहुत मुश्किल से उनके द्वारा दिया जाता था. राशन कार्ड से नाम कटवाने की धमकी दी जाती थी. डीलर के व्यवहार से क्षुब्ध होकर अन्य विक्रेता से खाद्यान्न का उठाव कर रहे हैं. जांच पदाधिकारी द्वारा जांच में अनियमितता पाये जानेे के बाद विभाग को सौंपी गयी रिपोर्ट के आधार पर अनुज्ञापन पदाधिकारी-सह-डीएसओ पलामू ने राशन दुकानदार नवीन शुक्ला के दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है.
