आज 26 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें || आज झारखंड समाचार || झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़

होटवार जेल में सघन छापेमारी, 3 घंटे तक चली तलाशी. राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में आज शुक्रवार की सुबह जिला प्रशासन ने सघन छापेमारी अभियान चलाया. यह छापेमारी अभियान करीब 3 घंटे तक चली. इस दौरान जेल के अंदर हर कोने की तलाशी ली गयी. कुख्यात कैदियों सहित अन्य सभी कैदियों के वार्डों की जांच हुई. हालांकि इस छापेमारी अभियान के दौरान जेल के भीतर से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई. जेल अस्पताल की भी हुई जांच. जिला प्रशासन ने अलग-अलग टीम बनाकर जेल के पुरुष व महिला वार्ड, सेल और जेल अस्पताल की भी गहन जांच की. प्रशासन के अनुसार छापेमारी जेल के भीतर सभी चीजें सामान्य और नियंत्रण में है. हर बार की तरह इस बार भी जेल में शांति व्यवस्था बनी हुई है. छापेमारी अभियान के दौरान किसी तरह की अवैध गतिविधि या सामग्री का खुलासा नहीं हुआ है.

                                    रांची 

झारखंड को मिले 160 नये डॉक्टर, सीएम हेमंत सोरेन ने बांटा नियुक्ति पत्र. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार 26 सितंबर 2025 को 160 लोगों को नियुक्ति पत्र दिया. सभी की नियुक्ति स्वास्थ्य विभाग में हुई है. दुर्गा पूजा से पहले नियुक्ति पत्र पाकर स्वास्थ्य विभाग के नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों, दंत चिकित्सकों और चिकित्सा पदाधिकारियों के चेहरे खिल उठे. इस अवसर पर नियुक्त पत्र पाने वालों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर नियुक्तियों की शृंखला में नित्य नयी कड़ियां जुड़ रहीं हैं.

                                    जमशेदपुर 

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी असर. पिछले दो दिनों से शहर में रुक-रुक कर हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है. कई इलाकों में जलजमाव ने नगर निकायों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. कदमा भाटिया बस्ती स्थित अशोक पथ की स्थिति सबसे खराब है, जहां नाली का गंदा पानी दर्जनों घरों में घुस गया. इससे सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो विधायक और न ही नगर निकाय की ओर से कोई ठोस कदम उठाया गया है. लोगों में नाराजगी है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं. लगातार बारिश ने दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी असर डाला है. पंडाल निर्माण में जुटे कारीगरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. पूजा मैदानों में जलजमाव और कीचड़ की समस्या से कार्य की गति धीमी हो गयी है. शहर के अधिकांश पूजा स्थलों और आसपास कीचड़ व फिसलन की स्थिति बनी हुई है. इसके बावजूद कारीगर मेले के लिए झूले और दुकानों को तैयार करने में जुटे हैं. आयोजकों को उम्मीद है कि मौसम साफ होने पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सकेगा.

                                    बोकारो

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बोकारो के अंतरराष्ट्रीय चित्रकार सरोज को किया सम्मानित. बोकारो के अंतरराष्ट्रीय चित्रकार सरोज मिश्रा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ब्यूटी ऑफ ड्रीम (तुलसी विवाह को चित्रों को दर्शाया) के लिए नयी दिल्ली में सम्मानित किया. सम्मान नयी दिल्ली के डॉ आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में ललित कला अकादमी के 64वें राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी अवार्ड सेरेमनी में प्रदान किया गया.

                                    बोकारो 

रसोई से सीधे बिजनेस की दुनिया में, बोकारो की बबीता आज कमा रही है लाखों, जानिए कैसे पलटी किस्मत. जब कुछ कर दिखाने का जुनून हो, तब न तो पैसों की कमी आपका रास्ता रोक सकती है न ही समाज के लोग. कुछ ऐसी ही कहानी है बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत ससबेडा निवासी बबीता देवी की. बबीता देवी उन तमाम लोगों के लिए एक बड़ी उदाहरण है, जिन्हें आज भी लगता है एक गृहिणी केवल अपने घर और रसोई तक ही सीमित है. बबीता देवी एक गृहिणी है और उनके पास पूर्व में आय का कोई श्रोत नहीं था. इसके बावजूद उन्होंने लोन लेकर अपनी एक दुकान खोली. आज बबीता अपनी दुकान से सालाना 2 लाख से अधिक आमदनी कर रही है.

                                    बोकारो 

कोयला मजदूरों के बोनस पर कल होगी वार्ता, कलकत्ता हाईकोर्ट ने साफ किया रास्ता. देश भर में काम कर रहे लाखों कोयला मजदूरों और अधिकारियों के लिए अच्छी खबर आयी है. कलकत्ता हाईकोर्ट ने बोनस समझौता पर होने वाली बैठक पर लगी रोक हटा ली है. कलकत्ता हाईकोर्ट ने बैठक की अनुमति भी दे दी है. गुरुवार 25 सितंबर को दोपहर 3 बजे से बैठक होगी. यह जानकारी बेरमो के विधायक और इंटक के नेता कुमार जयमंगल सिंह ने दी है. उन्होंने इसे कोयला मजदूरों की जीत बताया है. 25 सितंबर को कोलकाता में होगी मानकीकरण की बैठक.

                                    गिरिडीह 

ऊंची उड़ान भरना चाहती है बगोदर की बिरहोर बेटी उपासी, बनना चाहती है आईएएस ऑफिसर. विलुप्त हो रही आदिम जनजाति बिरहोर परिवार आज हासिये पर हैं. इस जनजाति के परिवारों में खासकर लड़कियों के लिए उच्चतर शिक्षा बड़ी चुनोती है. इस जनजाति की लड़कियों को पांचवीं या छठी तक की पढ़ाई के बाद घर में बैठा दिया जाता है. इनकी या तो शादी करा दी जाती है या घर में बैठा दिया जाता है. वहीं, लड़कों को कमाने के लिए ट्रैक्टर चलाने या रस्सी बुनने के काम में लगा दिया जाता है.

                                    गिरिडीह

गांडेय में ब्रिटिश काल से होती आ रही है दुर्गापूजा. जानकारी के अनुसार आजादी के पूर्व जमींदारी प्रथा के बीच एक बार गांडेय में महामारी फैली. जनता को हलकान परेशान होते देख जमींदार किसटू प्रसाद सिंह ने मां दुर्गे का अनुष्ठान प्रारम्भ करने का निर्णय किया और मिट्टी का मण्डप बनाकर पूजा अर्चना शुरू की. मां अनुष्ठान शुरू होते ही महामारी का प्रकोप खत्म होने लगा.इसके बाद जमींदार ने प्रतिवर्ष प्रतिमा स्थापित के पूजा अर्चना शुरू की. यही वजह है कि यहां मां दुर्गा के प्रति काफी आस्था व विश्वास है. वर्तमान में बना है भव्य मंदिर. जमींदार टिकैत किसटू प्रसाद सिंह के पथरोल चले जाने के बाद उन्होंने यहां पूजा अर्चना की जिम्मेदारी स्थानीय ग्रामीणों को सौप दी.हालांकि जमींदार के परिजन दुर्गा पूजा में भागीदारी निभाते रहे.कालांतर में यहां भव्य दुर्गा मन्दिर का निर्माण किया गया. पूजा समिति के अध्यक्ष यदुनंदन पाठक व कार्यकारी अध्यक्ष सह मुखिया अमृत लाल पाठक ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग व डाक प्रथा के तहत प्रतिवर्ष भव्य तरीके से पूजा अर्चना हो रही है. इधर पूजा कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य शांतिपूर्ण तरीके पूजा अर्चना कराने में जुटे हुए हैं.

                                    चाईबासा 

पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 10 नक्सलियों ने किया सरेंडर, डीजीपी के सामने डाले हथियार. झारखंड में पुलिस और सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान से परेशान नक्सलियों ने अब सरेंडर करना शुरू कर दिया है. हाल ही में पलामू, हजारीबाग और गुमला में कई नक्सलियों के मारे जाने के बाद नक्सलियों को यह समझ आ गयी है कि अगर सरेंडर नहीं करेंगे, तो पुलिस अपनी गोली का निशाना बनाने से पीछे नहीं हटेगी. इसलिए सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ लेते हुए गुरुवार 25 सितंबर 2025 को भाकपा (माओवादी) संगठन के 10 सक्रिय नक्सलियों ने चाईबासा के पुलिस केंद्र में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) व सीआरपीएफ के वरीय अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *