आज 25 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें || आज झारखंड समाचार || झारखंड ब्रेकिंग न्यूज़

आज 25 सितम्बर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें आज झारखंड समाचार
                                    रांची  

आज खुलेगा रांची के सबसे महंगे पूजा पंडाल का पट, एक करोड़ हुए हैं खर्च. राजधानी रांची में आज गुरुवार से भव्य दुर्गा पूजा पंडालों के पट खुलने शुरू हो जायेंगे. शहर के सभी प्रमुख पूजा पंडालों का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है. श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति, जिला स्कूल के भव्य पूजा पंडाल का आज शाम 7 बजे उद्घाटन होगा. इसके अलावा महाशक्ति दुर्गा पूजा समिति, बूटी मोड़ के भव्य पूजा पंडाल का भी आज शाम 6 बजे उद्घाटन होगा. बूटी मोड़ में राज्यपाल पंडाल का उद्घाटन करेंगे. रांची का सबसे महंगा पूजा पंडाल. श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति द्वारा इस वर्ष जिला स्कूल मैदान में भव्य पंडाल निर्माण कराया गया है. यहां स्वामीनारायण मंदिर के प्रारूप को तैयार किया गया है. मालूम हो यह पंडाल रांची का सबसे महंगा पूजा पंडाल है. यहां पूजा के आयोजन में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं, जिसमें से करीब 90 लाख रुपये की लागत से भव्य पूजा पंडाल तैयार किया गया है.

                                    रांची 

27 से रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, देखिए कहां रहेगी नो एंट्री और कहां होगी पार्किंग. दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची के ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. 27 सितंबर से 2 अक्तूबर तक कई प्रमुख सड़कों पर बड़े वाहनों की नो एंट्री रहेगी. षष्ठी से दशहरा तक भारी और मालवाहक वाहनों का प्रवेश सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा. वहीं मेन रोड समेत कई मार्गों पर शाम 4 बजे से सुबह 4 बजे तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इसके अलावा विभिन्न पूजा पंडालों के आपस श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये 18 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.

                                    रांची

रांची में हुई झमाझम बारिश, आज कई इलाकों में भारी बारिश के आसार. राजधानी रांची में आज गुरुवार की सुबह कई इलाकों में गर्जन के साथ जोरदार बारिश हुई. करीब आधे घंटे की बारिश से कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बन गयी. मौसम विभाग के अनुसार आज कोल्हान समेत कई जगहों पर भारी बारिश के असार हैं. वहीं रांची समेत अन्य इलाकों में दोपहर बाद वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ की ओर खिसका मॉनसून टर्फ. पिछले तीन दिनों से गहराया मॉनसून टर्फ कल बुधवार सुबह छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की दिशा में खिसक गया, जिससे झारखंड में मॉनसून कमजोर पड़ गया. इसके कारण कल राज्य के कुछ ही इलाकों में हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार आज 25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम तैयार हो रहा है, जिसकी दिशा दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश की ओर है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस सिस्टम की नमी का असर झारखंड पर भी पड़ेगा.

                                    रांची 

पलामू टाइगर रिजर्व के 780 परिवारों के पुनर्वास को कैबिनेट की मंजूरी. झारखंड मंत्रिमंडल ने उत्तर कोयल परियोजना के डूब क्षेत्र और पलामू बाघ संरक्षित क्षेत्र (पीटीआर) के मुख्य इलाकों के 7 गांवों को स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दे दी. झारखंड की कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी. आज की बैठक में मंत्रिपरिषद् ने 27 प्रस्तावों को मंजूरी दी.

                                    धनबाद

शताब्दी वर्ष में ‘पंच परिवर्तन’ से सकारात्मक बदलाव लायेगा RSS, बोले आलोक कुमार. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘पंच परिवर्तन’ की थीम को आगे बढ़ाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में व्यापक पहल करेगा. इस अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य पर विशेष बल दिया जायेगा. वर्षभर संघ देशभर में सेवा कार्य, संगोष्ठी और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करेगा. आलोक कुमार ने पंच परिवर्तन के बारे में बताया. आरएसएस के राष्ट्रीय सह सरकार्यवाह आलोक कुमार ने धनबाद, सिंदरी और तेतुलमारी में आयोजित पथ संचलनों के बाद बौद्धिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी. उन्होंने ‘पंच परिवर्तन’ के बारे कहा कि समाज में परिवारिक मूल्यों का संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग, पर्यावरणीय संतुलन, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है.

                                    धनबाद

बलियापुर में जल सहियाओं का प्रशिक्षण शुरू. बलियापुर प्रखंड कार्यालय सभागार में स्वच्छता प्रमंडल 2 की ओर से नमामि गंगे के तहत क्षेत्र की जल सहिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर बुधवार से शुरू हुआ. इसकी जानकारी देते हुए पेयजल व स्वच्छता विभाग के जूनियर इंजीनियर लखीराम मांझी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में जलसहिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों को योजना के महत्व, साफ-सफाई तथा जल बचाव के लिए क्षेत्र में जागरूकता कैसे लायी जाये, इसकी विशेष जानकारी दी गयी, ताकि पानी की बर्बादी को रोका जाये.

                                    हजारीबाग 

युवक के खाते से ठगों ने उड़ाये 24500 रुपये. टाटीझरिया. थाना क्षेत्र के अमनारी निवासी कौलेश्वर कुमार के वाट्सऐप पर आये एपीके को खोलने के बाद उसके बैंक खाते से 24,500 रुपये उड़ा लिये गये. मामला मंगलवार का है. कौलेश्वर ने बताया कि एपीके खोलने के बाद उसके पास कॉल आया और कॉल करनेवाला ओटीपी मांगने लगा. ओटीपी नहीं देने पर वह गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद उसके खाते से रुपये उड़ा लिये. बिजली चोरी करते छह पकड़ाये, प्राथमिकी दर्ज. बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र में बिजली की चोरी रोकने को लेकर विद्युत विभाग की ओर से लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. बरही विद्युत एसडीओ सत्यनारायण भोगता के नेतृत्व में बरकट्ठा जेइ अभिषेक आनंद एवं विद्युत मानव दिवस कर्मियों ने अभियान चलाकर छह लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा. इनमें ग्राम बेलकप्पी निवासी अर्जुन गोस्वामी (पिता बेदो गोस्वामी), ग्राम बंडासिंघा निवासी सुमित्रा देवी (पति रामदेव मोदी), अजय राणा (पिता भुपत राणा), खगेंद्र कुमार नायक (पिता धुजा नायक), महेश नायक (पिता शुकर नायक), रामलखन कुमार (पिता बद्री नायक) का नाम शामिल है. जेइ अभिषेक आनंद ने गोरहर थाना में आवेदन देकर उक्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *