रांची
दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर राज्य सरकार द्वारा झारखंड की महिलाओं को विशेष उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (Maiya Samman Yojana) अंतर्गत सितंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान किया जा रहा है। इस योजना के तहत रांची जिले की कुल 3 लाख 87 हजार 584 महिलाओं के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 96 करोड़ 89 लाख 60 हजार रुपये की राशि का भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (Maiya Samman Yojana) महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि, इससे न केवल उन्हें त्योहार के समय आर्थिक संबल प्राप्त होता है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की राह भी प्रशस्त होती है।
गिरिडीह
डुमरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चन्द्रपुरा प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आज कुल 10 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देना और आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर ऊँचा उठ सके। मैं विकास की एक लम्बी लकीर खींचने के लक्ष्य के साथ सतत प्रयासरत हूँ। क्षेत्र की हर समस्या का समाधान और लोगों की हर ज़रूरत को पूरा करना मेरी प्राथमिकता है। इस संघर्ष और प्रयास की यात्रा में आपके सहयोग और आशीर्वाद की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है, और इसी ऊर्जा से प्रेरित होकर मैं डुमरी विधानसभा क्षेत्र को एक नए आयाम तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य करता रहूँगा।
देवघर
मारवाड़ी युवा मंच ने दुर्गा पूजा की खरीदारी फुटकर दुकानदारों से करने की अपील. मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कहा कि दुर्गा पूजा की खरीदारी में लोग फुटकर दुकानदारों से भी खरीदारी करें. हम सभी सड़क के किनारे लगाने वालों दुकानों से सामान खरीदकर पर्व के दिनों में उन सभी का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि हमारे इस छोटी सी प्रयास से उन सभी के जीवन में खुशहाली आ जायेगी और उनका भी त्योहार उत्साह के साथ बीतेगा. उन्होंने सभी से अपनी खरीदारी व विक्रेता के साथ की गयी बातचीत का वीडियो बनाकर युवा मंच के साथ साझा करने की अपील किया है. सर्वश्रेष्ठ तीन वीडियो को मंच की ओर से विशेष सम्मान दिया जायेगा.
बोकारो
कसमार पुलिस ने किया बाइक लूट कांड का उद्भेदन, कुख्यात अपराधी गिरफ्तार. कसमार पुलिस ने चार वर्ष पुराने बाइक लूट कांड का खुलासा करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए कांड के अभियुक्त सन्नी कुमार साव (32 वर्ष) को दबोच लिया. सन्नी बोकारो जिला के चास थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी दिलीप कुमार साव का पुत्र है. यह जानकारी रविवार को थाना प्रभारी भजनलाल महतो ने पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सन्नी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है.
बोकारो
सदर अस्पताल : आज से सुबह नौ बजे से तीन बजे तक ओपीडी सेवा. सदर अस्पताल में सोमवार (29 सितंबर) से एक शिफ्ट (सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक) में मरीजों को ओपीडी सेवा का लाभ मिलेगा. अस्पताल में दो शिफ्ट (सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक व शाम चार बजे से शाम छह बजे तक) में ओपीडी सेवा चल रही थी. इसे लेकर आमलोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था. दूर-दराज से आनेवालों को बिना स्वास्थ्य सेवा के ही घर वापस लौट जाना पड़ता था. इसे लेकर प्रभात खबर ने तीन सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से बातचीत की थी. स्वास्थ्य मंत्री ने तीन सितंबर को ही एक शिफ्ट में सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू करने का मौखिक आदेश जारी कर दिया था. आदेश के बाद सिविल सर्जन डॉ एबी प्रसाद व सदर डीएस डॉ एनपी सिंह ने कागजी स्वीकृति के लिए विभाग को पत्र भेज दिया था.
पलामू
दुर्गापूजा को लेकर एसपी ने जारी किया रूट चार्ट. मेदिनीनगर दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण व यातायात व्यवस्था सुगम बनाने को लेकर एसपी रीष्मा रमेशन ने रूप चार्ट जारी किया गया है. 29 सितंबर से तीन अक्टूबर तक जारी रहेगा. रूट चार्ट के अनुसार बड़ी मालवाहक वाहन शाम चार बजे से सुबह चार बजे तक शहर में प्रवेश नहीं करेगा. इसके लिए शहर के बाहर वैकल्पिक पड़ाव स्थल बनाये गये हैं. गढ़वा मार्ग से आने वाले वाहन चैनपुर थाना क्षेत्र के मंगरदाहा घाटी में ठहरेगी. रांची मार्ग से आने वाले वाहन सदर थाना क्षेत्र के दुबियाखांड़ में, पांकी मार्ग से आने वाली वाहन सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा फोरलेन के पास, औरंगाबाद बीमोड़ मार्ग से आनेवाले वाहन पड़वा थाना क्षेत्र के पाटन मोड़ में ठहरेगी.
पलामू
चयनित 70 किसानों के बीच 3970 पौधों का वितरण. ,सतबरवा प्रखंड क्षेत्र के पंचायत रबदा के पिपरा कला गांव में राष्ट्रीय कृषि विकास (आरकेवीवाई ) योजना के तहत रेन फेड एरिया डेवलपमेंट कार्यक्रम के तहत चयनित संकुल रबदा के चयनित किसानों के बीच समेकित कृषि प्रणाली के तहत कुल 70 किसानों के बीच 1590 आम पौधा एवं 2380 महुगनी पौधा का वितरण किया गया. जिला परिषद सदस्य सुधा कुमारी, बीडीओ सह सीओ कृष्ण मुरारी तिर्की,मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, रबदा पंचायत के मुखिया पुष्पा देवी, पू्र्व मुखिया शंभु उरांव, उप परियोजना निदेशक आत्मा पलामू प्रवीण राज शामिल हुए. मौके पर जिला परिषद सदस्य सुधा कुमारी ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजनाएं चल रही है, ताकि किसानों को अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराया जा सके.
पलामू
संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है ड्रोन. दुर्गा पूजा पर शहर में विधि-व्यवस्था व शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर रविवार को शहर थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों व संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया. एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि सभी संवेदनशील इलाकों में ड्रोन की तैनाती की गयी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च एसडीपीओ व सदर अंचल अधिकारी के नेतृत्व में किया गया. इसमें शहर थाना प्रभारी तीनों टीओपी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में जिला बल, जैप व आईआरबी के जवान शामिल थे.
खूंटी
आदिवासी संगठनों का प्रतिकार आक्रोश रैली 14 को. स्थानीय करम अखड़ा में रविवार को आदिवासी समन्वय समिति और विभिन्न आदिवासी संगठनों की बैठक पड़हा राजा मंगल सिंह मुंडा की अध्यक्षता में की गयी. बैठक में कुरमी-कुड़मियों द्वारा भारत के संविधान में एसटी सूची में शामिल होने की मांग को लेकर विचार-विमर्श किया गया. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कुछ तथाकथित राजनीतिक पार्टियों के द्वारा खुला समर्थन देने के कारण मूल आदिवासी समाज और कुर्मी-कुड़मियों के बीच सीधा टकराव की स्थिति बन गयी है. यह अमन पसंद और प्रदेश और समाज के लिए उचित नहीं है. झारखंड के मूल आदिवासियों में आक्रोश और हक अधिकार के प्रति असुरक्षा महसूस किया जा रहा है.
