आज 05 अक्टूबर 2025 झारखंड की ताज़ा खबरें

                            रांची न्यूज 

बारिश रुकने का इंतजार, शहर की 50 सड़कें होंगी दुरुस्त. राजधानी की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए अभी बारिश रुकने का इंतजार किया जा रहा है. बारिश थमते ही तेजी से काम किया जायेगा. पथ निर्माण विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है. वहीं, ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश भी दे दिया गया है. ठेकेदारों ने भी अपने स्तर से सारी तैयारियां कर रखी है.

                            रांची न्यूज 

रांची में छठ महापर्व की तैयारी, 24 घंटे में ही जलाशयों से निकाले गये प्रतिमाओं के अवशेष. दुर्गोत्सव के सफल आयोजन के बाद रांची नगर निगम महापर्व छठ की तैयारी में जुट गया है. शनिवार से निगम ने राजधानी के जलाशयों की सफाई का अभियान शुरू किया. इस क्रम में कांके डैम, हटिया डैम, बड़ा तालाब, लाइन टैंक तालाब, बनस तालाब, जगन्नाथपुर तालाब सहित अन्य तालाबों में विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष और आभूषण निकाले गये. प्रशासक सुशांत गौरव के आदेश पर तालाबों के सफाई का यह अभियान अब छठ तक जारी रहेगा. इधर, नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि आनेवाले दिनों में काली पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं. ऐसे में घरों से जो भी पूजन सामग्री आदि निकलेगी, उसके लिए सभी जलाशयों में विसर्जन कुंड बनाये गये हैं. सभी श्रद्धालु घर से निकली पूजन सामग्री और फूल-पत्तों के अवशेष को कुंड में ही विसर्जित करें.

                            रांची न्यूज 

मिला एनओसी, एचइसी रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा डबल लेन आरओबी. एचइसी के एफएफपी प्लांट स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए रांची रेल डिविजन ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया है. रेलवे के अधिकारी ने बताया कि यह आरओबी राज्य सरकार को बनाना है. इसको लेकर वर्ष 2022 में ही रेलवे ने स्वीकृति दे दी थी. उस समय ड्राइंग भी फाइनल हो गयी थी. तय किया गया था कि आरओबी सिंगल लेन का होगा, लेकिन स्मार्ट सिटी के बनने और भविष्य में बढ़ती आबादी को देखते हुए दो लेन का आरओबी बनाने का निर्णय लिया है. वहीं, इसको लेकर रेलवे ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ ज्वाइंट सर्वे किया. आरओबी के निर्माण में खर्च रेलवे और राज्य सरकार दोनों वहन करेंगे, लेकिन निर्माण राज्य सरकार करायेगी.

                            बोकारो न्यूज 

सीआइएसएफ का वैन खाई में गिरा, चालक घायल. गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीग्राम व फ्राइडे बाजार मुख्य मार्ग के हीरक रोड में गुरुवार की देर शाम को जा रहा सीआइएसएफ का वैन (जेएच 02 एजेड-3416) अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट नीचे खाई में जा गिरा. वैन के चालक को हल्की चोट आयी है. चालक चार नंबर स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भराने के बाद वैन लेकर संडे बाजार स्थित कैंप जा रहा था. इसी दौरान दुर्घटना घटी. शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त वैन को खाई से निकाला गया.

                            गढ़वा न्यूज 

सितंबर माह में आयुष्मान योजना के तहत हुए सात ऑपरेशन. गढ़वा सदर अस्पताल में शुरू हुई हड्डी की सर्जरी प्रभाष मिश्रा, गढ़वा गढ़वा सदर अस्पताल में अब हड्डी की सर्जरी की सुविधा शुरू हो गयी है. सितंबर माह में यहां आयुष्मान भारत योजना के तहत सात मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया. पहले ऐसे मामलों को बड़े शहरों या निजी अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता था, लेकिन अब मरीजों को यह सुविधा स्थानीय स्तर पर सदर अस्पताल में ही मिल रही है. स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड को बढ़ावा देने के लिए सदर अस्पताल में अलग से आयुष्मान वार्ड बनाने की पहल की है, जहां मरीजों को प्राइवेट अस्पताल जैसी सुविधा दी जायेगी. बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पर जोर: डॉ जान एफ केनेडी सिविल सर्जन डॉ जान एफ केनेडी ने बताया कि आयुष्मान योजना से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से अस्पताल की आधारभूत संरचना को विकसित किया जायेगा.

                            गुमला न्यूज 

फसलें बर्बाद व किसान चिंतित. सिसई प्रखंड में बरसात के शुरुआत दिनों से लगातार हो रही अतिवृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है. औसत से अधिक दिन-रात बारिश होने से टांड़ गीला हो गया है. टांड़ों से पानी रिसाव हो रहा है, जिससे किसानों को खेत जोतने तक का मौका नहीं मिल रहा है. टांड़ का टांड़ खाली पड़ा है. अतिवृष्टि से मक्का, मटर, उड़द, अरहर, बादाम व सब्जी जैसी खरीफ फसलें पूरी तरह प्रभावित हो गयी हैं. कई किसानों ने हिम्मत कर मक्का, सब्जी की खेत करने का प्रयास किया. परंतु या तो उनका बिचड़े खराब हो गये या तो खेत में बुआई की गयी फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गयी.

                            चतरा न्यूज 

विधायक जयराम महतो का 15 को चतरा में कार्यक्रम. शहर के नगवां मुहल्ला स्थित ट्रैक्टर शोरूम के सामने शनिवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की बैठक हुई. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कैलाश कुमार महतो ने की, संचालन नगर अध्यक्ष सुनील कुमार ने किया. बैठक में 15 अक्तूबर को चतरा के किशुनपुर मैदान में पार्टी के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो के कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा की गयी. कार्यक्रम में उनके साथ देवेंद्रनाथ महतो, मनोज यादव व पूजा महतो आयेंगे. कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेवारी सौंपी गयी. जेएलकेएम नेता संदीप कुमार ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में लोगो को पार्टी से जोड़ने की बात कही.

                            चाईबासा न्यूज 

राशि निकालने के बाद भी भुगतान नहीं किया, तीन शिक्षकों को शोकॉज. जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा नवनियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक व प्रयोगशाला सहायकों के बकाया वेतन के भुगतान के लिए राशि लिए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया गया है. उन्हें 24 घंटे के भीतर अपना जवाब विभाग को देने के लिए कहा गया है. वहीं असंतोषजनक जानकारी उपलब्ध कराने पर विभागीय कार्रवाई अथवा कानूनी कार्रवाई करने की भी बात कही गयी है. इसके तहत शनिवार को चक्रधरपुर के मारवाड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय के स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक राकेश कुमार महतो, राजआनंदपुर के प्लस टू उच्च विद्यालय की स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षिका आलोका पूर्ति जो वर्तमान में प्लस टू उच्च विद्यालय स्काउट में प्रतिनियुक्त हैं एवं गोइलकेरा के झिलरुवा के प्रोजेक्ट प्लस टू उच्च विद्यालय की स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षिका नीलिमा पूर्ति जो वर्तमान में खूंटी के प्लस टू उच्च विद्यालय में कार्यरत हैं को शोकॉज जारी किया गया है. तीनों शिक्षकों को पिछले तीन माह के बैंक स्टेटमेंट को भी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है.

                            लातेहार न्यूज 

लातेहार जिला जनजातीय विकास के क्षेत्र में एक मॉडल जिला बन सकता है. जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृज नंदन प्रसाद का लातेहार परिसदन में आगमन हुआ. उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पौधा देकर उनका स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट किया. दौरे के क्रम में संयुक्त सचिव ने जिले में चल रहे आदि कर्मयोगी अभियान की प्रगति का अवलोकन किया और कई विकासात्मक स्थलों का निरीक्षण किया. उन्होंने अभियान के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों जैसे विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन, ग्राम विजन प्लान 2030 की स्वीकृति, जनजातीय समुदाय की आजीविका संवर्द्धन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी पहलों की समीक्षा की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *