रांची न्यूज
झारखंड में होगी बारिश, छठ से पहले बदलेगा मौसम, आया मौसम विभाग का अलर्ट. दीपावली और छठ पर्व के दौरान राज्य के कई इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कुछ क्षेत्रों में बारिश खलल डाल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 20 अक्तूबर को झारखंड के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में आकाश में बादल छाये रहेंगे. कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 21 से 23 अक्तूबर तक कई जिलों में सुबह के समय कोहरा और धुंध छाये रहने की संभावना है, हालांकि थोड़ी देर बाद मौसम साफ हो जायेगा. अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
धनबाद न्यूज
डॉग स्क्वायड के साथ ट्रेनों की हो रही जांच. त्योहार को लेकर धनबाद स्टेशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. धनबाद से प्रस्थान करने वाली एलेप्पी एक्सप्रेस, गंगा सतलज एक्सप्रेस और गंगा दामोदर एक्सप्रेस में विशेष रूप से जांच की जा रही है. सामानों की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है. वहीं नशाखुरारी, पॉकेटमारी समेत अन्य अपराधों पर नजर रखने के लिए भी अभियान चल रहा है.
धनबाद न्यूज
ओवर हाइट पर छह वाहनों पर लगाया 1.85 लाख का जुर्माना. डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार की रात से शनिवार की सुबह तक तेतुलमारी, महुदा और राजगंज क्षेत्र में अभियान चलाया. इस दौरान कई भारी वाहनों की जांच की गयी. डीटीओ ने बताया कि जांच में छह वाहनों में ओवर हाइट में पाया गया. जिन पर एक लाख 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. सभी वाहनों के चालकों को परिवहन नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गयी.
जमशेदपुर न्यूज
आइआरसीटीसी की साइट और मोबाइल एप हुआ डाउन, परेशान रहे लोग. दीपावली से पहले शुक्रवार को आइआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल एप डाउन हो गये. इससे लोग सुबह 9 बजे से ही परेशान रहे. आइआरसीटीसी की दूसरी सर्विसेज इस्तेमाल करने में भी परेशानी हो रही थी. आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म डाउन डिटेक्टर के मुताबिक सुबह 9 बजे से लोगों ने साइट और एप डाउन होने की शिकायत दर्ज कर रहे थे. टाटानगर से करीब दो हजार लोगों ने इसको लेकर शिकायत दर्ज करायी है. स्टेशन से टिकट लेने वाले 14 फीसदी लोगों ने भी शिकायत की है. हालांकि, लोगों को सही तरीके से जानकारी नहीं दी जा रही थी, जिससे परेशानी बढ़ गयी थी.
देवघर न्यूज
ऑन-द-स्पॉट नौ आवेदनों का हुआ समाधान. ब्लॉक में शनिवार को संपूर्ण निराकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह, बीडीओ चंदन कुमार सिंह, सीओ कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिया. शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का ऑन दी स्पॉट समाधान किया गया. समस्या निराकरण कैंप में 9 आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया गया. इसके अलावा समाज कल्याण विभाग की ओर से दो निः शक्तों के बीच ट्राई साइकिल भी बांटी गयी.
देवघर न्यूज
पालोजोरी में कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान. जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शनिवार को प्रखंड की कसरायडीह व कांकी पंचायत में संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पंचायत पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर बीएलए को सम्मानित करने के साथ पार्टी का झंडा के साथ नियुक्ति पत्र भी सौंपा गया. कार्यक्रम के दौरान वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान के तहत लोगों से हस्ताक्षर लिया गया.
देवघर न्यूज
करौं में धड़ल्ले से हो रही बालू की अवैध ढुलायी. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों से रात्रि में अवैध रूप से बालू का उठाव हो रहा है. दर्जनों ट्रैक्टर संचालकों की ओर से संध्या होते ही प्रखंड के विभिन्न नदी घाटों से अवैध बालू उठाकर ग्रामीण क्षेत्रों में मनमानी दामों में बेच रहे है. प्रत्येक ट्रैक्टर तीन से चार हजार रुपये की दर से बालू बेच रहे हैं. अवैध रूप से बालू उठाव होने के कारण सरकार को राजस्व की भारी हानि हो रही है. बताया जाता है कि रात्रि में प्रखंड के भलगड़ा, जयंती नदी बालू घाट, डहुवा जयंती नदी बालू घाट, चोपकियारी जयंती नदी बालू घाट आदि बालू घाटों से अवैध रूप से बालू की चोरी की जा रही है.
बोकारो न्यूज
बीडीओ ने किया आगंनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण. बेरमो बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ मुकेश कुमार ने शनिवार को बेरमो दक्षिणी पंचायत के प्रेमनगर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. बच्चों, सेविका व सहायिका की उपस्थिति, बच्चों के टीकारण, पूरक पोषाहार के तहत मध्याह्न भोजन आदि की जानकारी ली. सेविका व सहिया को पोषण वाटिका बनाने निर्देश दिया. प्रस्तावित स्टोर रूम निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. मौके पर श्वेता सुमन, मंजू राय आदि थी.
पलामू न्यूज
पलामू में 200 करोड़ से अधिक का कारोबार. मेदिनीनगर पलामू में शनिवार को धनतेरस के अवसर पर दुकानों में ग्राहकों की काफी भीड़ रही. ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी शहर में पहुंचकर खरीदारी की. ऑटोमोबाइल सेक्टर में बेहतर व्यापार रहा. दो पहिया वाहनों की जमकर बिक्री हुई.जीएसटी दर में कमी आने के कारण पिछले वर्ष की अपेक्षा 25 प्रतिशत दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई. वाहन सेक्टर में 100 करोड़ से अधिक का व्यापार हुआ. जबकि जेवर के व्यवसाय में 50 करोड़ से अधिक का व्यवसाय हुआ.
